मंगलुरु के वामनजूर के एक कॉलेज में कुछ लड़कों ने बुर्का पहनकर डांस किया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सेंट जोसेफ इंजीनियरिंग कॉलेज ने एक्शन लेते हुए चारों स्टूडेंट्स को सस्पेंड कर दिया है। कॉलेज मैनेजमेंट जांच भी करवा रहा है कि ये घटना क्यों हुई।

हालांकि कॉलेज का दावा है कि मंच पर चढ़कर डांस करने वाले स्टूडेंट्स मुस्लिम समुदाय के ही हैं। इस बारे में कॉलेज ने एक प्रेस रिलीज भी जारी की है।

पहले जानिए क्या है मामला
मंगलुरु के सेंट जोसेफ इंजीनियरिंग कॉलेज में स्टूडेंट एसोसिएशन का एक इवेंट चल रहा था। इस बीच बॉलीवुड सॉन्ग्स पर डांस परफॉर्मेंस चल रहे थे। अचानक 4 लड़कों का ग्रुप स्टेज पर बुर्का पहनकर आता है। वे दबंग 2 के फेविकॉल सॉन्ग पर डांस करने लगते हैं। इसी डांस की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

कॉलेज ने लिखा- ये सौहार्द्र को बिगाड़ने वाली हरकत
सेंट जोसफ इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है- स्टूडेंट एसोसिएशन के अनौपचारिक इवेंट के दौरन किए गए डांस की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। ये डांस मुस्लिम समुदाय के लड़कों ने ही किया था। यह निर्धारित प्रोग्राम का हिस्सा नहीं था। इसलिए डांस करने वाले छात्रों को सस्पेंड कर दिया गया है। कॉलेज ऐसे किसी भी काम को सपोर्ट नहीं करता है, जो समुदायों के बीच सौहार्द्र को नुकसान पहुंचाए। और ये बात कैम्पस का हर शख्स अच्छे से जानता है।