जोहानिसबर्ग । दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के मुख्य कोच मार्क बाउचर को बड़ी राहत मिली है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने उनके खिलाफ नस्लवाद समेत दुर्व्यवहार के सारे आरोप वापिस ले लिए है। वहीं इससे पहले बाउचर पर नस्लवादी व्यवहार का आरोप लगाया गया था जिसकी वजह से ही उन्हें कोच पद से भी हटाये जाने की संभावनाएं थी। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर पॉल एडम्स ने बाउचर पर टीम बैठकों के दौरान और मैचों के बाद नस्लवादी अपमानजनक शब्दों वाले गीत गाने का आरोप लगाया था।
इस मामले में जांच कर रही समिति सीएसए ने कहा है कि एडम्स और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सहायक कोच एनोच एंकवे ने इस मामले में अगले सप्ताह की सुनवाई में पेश नहीं होने का फैसला किया जिसके बाद ये सारे आरोप आधारहीन लग रहे थे। वहीं इससे पहले बाउचर ने एक बयान में कहा, ‘मेरे खिलाफ लगाए गए नस्लवाद के आरोप गलत हैं और इससे मैं काफी दुखी हुआ हूं। उन्होंने कहा, ‘पिछले कुछ महीने मेरे और मेरे परिवार के लिए काफी कठिन रहे। मुझे खुशी है कि यह सब अब समाप्त हो रहा है और सीएसए ने स्वीकार कर लिया कि मेरे खिलाफ आरोप आधारहीन हैं। मैं समझता हूं कि मामला अब समाप्त हो गया है और इस मामले में आगे कोई बात नहीं कहना चाहता।’ बाउचर ने कहा, ‘मैं अपने काम पर ध्यान दे रहा हूं जिससे तहत ही टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।’ वहीं इससे पहले साल की शुरुआत में ही उन्हें नस्लवादी व्यवहार के आरोपों को लेकर एक आरोप पत्र सौंपा गया था।