सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल: यूरोप में 3 नवंबर को एक के बाद एक कई यात्री विमानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने से हवाई यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई। इटली, पोलैंड, स्पेन और बुल्गारिया में कम से कम सात उड़ानों को निशाना बनाया गया। धमकियों के बाद विमानों की तलाशी, उड़ानों का मार्ग बदलने और हवाई अड्डों पर सुरक्षा जांच जैसी कार्रवाई की गई। इटली ने एक विमान को सुरक्षित उतारने के लिए फाइटर जेट भेजे, जबकि पोलैंड में वारसॉ के पास एक एयरपोर्ट को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। जांच में किसी भी विमान से विस्फोटक बरामद नहीं हुआ और सभी धमकियां झूठी साबित हुईं।
इटली में फाइटर जेट ने विमान को दी सुरक्षा इटली में डबलिन से रोम जा रही रयानएयर की उड़ान को बम की धमकी मिलने के बाद वायुसेना के दो यूरोफाइटर लड़ाकू विमानों ने उसे एस्कॉर्ट किया। विमान रोम के फ्यूमिचिनो एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा। इससे पहले लिस्बन से रोम पहुंची रयानएयर की एक अन्य उड़ान की भी जांच की गई। यात्रियों, सामान और विमान की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
पोलैंड में एयरपोर्ट बंद, उड़ान डायवर्ट पोलैंड में लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से वारसॉ जा रही एलओटी एयरलाइंस की उड़ान को बम की धमकी के बाद वारसॉ के मुख्य चोपिन एयरपोर्ट के बजाय मोडलिन एयरपोर्ट भेजा गया। सुरक्षा जांच के दौरान मोडलिन एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। विमान की तलाशी में कुछ नहीं मिला और बाद में हवाई अड्डे पर सामान्य संचालन बहाल कर दिया गया। कोपेनहेगन से वारसॉ पहुंची एसएएस की उड़ान की भी जांच की गई।
स्पेन और बुल्गारिया में भी अलर्ट स्पेन के मर्सिया एयरपोर्ट पर मैनचेस्टर से पहुंची रयानएयर की उड़ान की जांच की गई। वहीं, बुल्गारिया की राजधानी सोफिया में बर्गामो और डबलिन से पहुंची दो उड़ानों की तलाशी ली गई। इन सभी मामलों में विस्फोटक नहीं मिले। इससे एक दिन पहले लंदन से सोफिया जा रही विज एयर की उड़ान को भी धमकी के बाद हंगरी के बुडापेस्ट में उतारा गया था। फिलहाल किसी संगठन या व्यक्ति ने इन धमकियों की जिम्मेदारी नहीं ली है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सभी घटनाओं के पीछे एक ही व्यक्ति या समूह था अथवा ये अलग-अलग घटनाएं थीं।
Hashtags: #WorldInternational #Bhopal #यूरोप #सात #विमानों #उड़ाने #धमकी #सीएनएन #सेंट्रल #यूरोपमेंसातविमानों