सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में भोपाल गैस पीड़ित व उनके आश्रितों के इलाज के लिए आवश्यक स्मार्ट कार्ड बनाने की प्रक्रिया को आसान कर दिया गया है।
अब बीएमएचआरसी के स्वास्थ्य केंद्रों में ही स्मार्ट कार्ड बनाए जाने लगे हैं। इसकी शुरूआत चांदबड़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र क्रमांक 3 और इतवारा रोड स्थित स्वास्थ्य केंद्र क्रमांक 6 से हो गई है। बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि चांदबड़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र में कैंची छोला, स्टेशन बजरिया, चांदबड़ और करोंद स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में पंजीकृत गैस पीड़ित व उनके आश्रित मरीजों के कार्ड बनाए जा रहे हैं, जबकि इतवारा रोड स्थित स्वास्थ्य केंद्र में टीला जमालपुरा, गिन्नौरी, इतवारा रोड और बाल विहार स्थित स्वास्थ्य केंदों के स्मार्ट कार्ड बनाए जा रहे हैं।
पहले गैस पीड़ित मरीजों व उनके आश्रितों को अपना स्मार्ट कार्ड बनाने के लिए संबंधित स्वास्थ्य केंद्र में अपने दस्तावेज जमा करने होते थे। स्वास्थ्य केंद्र से ये दस्तावेज बीएमएचआरसी भेजे जाते थे, जहां उनके कार्ड बनते थे। अब यह सारी प्रक्रिया स्वास्थ्य केंद्रों में ही हो जाएगी।
मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि जल्द ही अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में स्मार्ट कार्ड बनाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों को हेल्थ बुकलेट की कॉपी भी प्रदान की जा रही है। इसके लिए सभी को फोन किए जा रहे हैं। बीएमएचआरसी के स्वास्थ्य केंद्रों की समन्वयक रोमा रस्तोगी ने बताया कि नए मरीजों का पंजीयन व स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए गैस पीड़ितों को अपने अंतिम आदेश व प्रोरेटा भुगतान पत्रक के साथ जन्म संबंधी व पहचान संबंधी प्रमाण—पत्र और फोटो लाना होगा।