आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल जिले की सात विधानसभा के लिए अब तक कुल 57 नामांकन दाखिल हो चुके हैं। सोमवार को नामांकन भरने का आखिरी दिन है। बीजेपी के आलोक शर्मा, भगवानदास सबनानी और विष्णु खत्री ढोल-ढमाकों के साथ नामांकन भरने जाएंगे। वहीं, कांग्रेस के आतिफ अकील और रवींद्र साहू भी दोबारा नामांकन भरने जाएंगे। आखिरी दिन बागियों को लेकर भी तस्वीर साफ हो जाएगी। कांग्रेस के जितेंद्र डागा, रामभाई मेहर, आमिर अकील और नासिर इस्लाम बागी तेवर दिखा चुके हैं। इन्होंने फार्म भी खरीदे हैं।

21 अक्टूबर से नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। शनिवार और रविवार को अवकाश था। ऐसे में बाकी बचे उम्मीदवारों के लिए अब 30 अक्टूबर का दिन ही है। सोमवार सुबह 11 बजे से नामांकन भरने की शुरुआत हो गई है, जो दोपहर 3 बजे तक चलेगी।

कांग्रेस के सभी प्रत्याशी भर चुके फार्म

प्रत्याशियों को लेकर बात करें तो सातों विधानसभा से कांग्रेस के सभी प्रत्याशी नामांकन भर चुके हैं, जबकि बीजेपी के भोपाल उत्तर से प्रत्याशी आलोक शर्मा, दक्षिण-पश्चिम से प्रत्याशी भगवानदास सबनानी और बैरसिया प्रत्याशी विष्णु खत्री ने नामांकन दाखिल नहीं किए हैं।

ढोल-ढमाकों के साथ जाएंगे

आलोक शर्मा और भगवानदास सबनानी रैली के रूप में कलेक्टोरेट और बैरागढ़ एसडीएम ऑफिस तक जाएंगे। बीजेपी के अन्य कैंडिडेट्स रामेश्वर शर्मा, विश्वास सारंग, कृष्णा गौर और ध्रुवनारायण सिंह भी रैली में शामिल हो सकते हैं। वे भी एक-एक नामांकन और जमा कर सकते हैं।

टिकट नहीं मिलने से कांग्रेस में खुलेआम बगावत

हुजूर विधानसभा से कांग्रेस ने नरेश ज्ञानचंदानी को प्रत्याशी बनाया है, जबकि पूर्व विधायक जितेंद्र डागा भी दावेदारी कर रहे थे। डागा के बगावती देवर बैठकों में भी देखने को मिल चुके हैं। रामभाई बैरसिया से टिकट नहीं मिलने से नाराज हैं। आमिर अकील भी नामांकन खरीद चुके हैं। वे उत्तर सीट से कांग्रेस से टिकट मांग रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने भतीजे आतिफ को टिकट दिया है। इसी सीट से कांग्रेस से ही नासिर इस्लाम भी टिकट मांग रहे थे।

ये भर चुके हैं नामांकन

बैरसिया से कांग्रेस उम्मीदवार जय श्री हरिकिरण, भोपाल उत्तर से आतिफ अकील, नरेला से मनोज शुक्ला, दक्षिण-पश्चिम से पीसी शर्मा, मध्य से आरिफ मसूद, गोविंदपुरा से रवींद्र साहू और हुजूर से नरेश ज्ञानचंदानी ने फॉर्म जमा किए। भाजपा से हुजूर से रामेश्वर शर्मा, गोविंदपुरा से कृष्णा गौर, नरेला से विश्वास सारंग और मध्य से ध्रुवनारायण सिंह ने अपने-अपने नामिनेशन जमा किए।

विश्वास सारंग स्कूटी से नामांकन दाखिल करने एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। वहीं, रामेश्वर शर्मा हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के बाद नामांकन भरने पहुंचे थे।

भोपाल की 7 विधानसभा में 20.86 लाख मतदाता

चुनाव में भोपाल की 7 विधानसभा के 20 लाख 86 हजार 569 मतदाता वोट डालेंगे। 80 वर्ष या इससे अधिक उम्र के 27 हजार वोटर्स हैं, जबकि 8 हजार दिव्यांग वोटरों के लिए हर मतदान केंद्र पर व्हील चेयर की व्यवस्था रहेगी। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को घरों से भी लाने ले जाने की व्यवस्था रहेगी।

जिले के कुल मतदाताओं में 10 लाख 74 हजार 376 पुरुष और 10 लाख 11 हजार 681 महिला मतदाता हैं। 174 अन्य यानी थर्ड जेंडर हैं। सबसे ज्यादा मतदाता गोविंदपुरा में 3 लाख 92 हजार 905 हैं। वहीं, सबसे कम भोपाल दक्षिण-पश्चिम में 2 लाख 31 हजार 849 मतदाता हैं।