आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बिग बॉस ओटीटी 2 के विनर एल्विश यादव की 9 नवंबर को तबीयत बिगड़ गई। उन्हें गुरुग्राम के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। एल्विश यादव पर सांपों की तस्करी करने का आरोप है। पुलिस ने उन्हें गुरुवार को मामले में दोबारा पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था, लेकिन तबीयत बिगड़ने की वजह से वो पूछताछ के लिए नहीं जा सके।

जानकारी के मुताबिक, डॉक्टरों ने एल्विश को बेड रेस्ट की सलाह दी है। साथ ही उन्हें डेंगू और मलेरिया के टेस्ट करवाने के लिए भी कहा है।

7 नवंबर को एल्विश से 25 सवाल पूछे गए

पुलिस ने सांप तस्करी के मामले में एल्विश यादव से 7 नवंबर को 3 घंटे पूछताछ की थी। एल्विश यादव मंगलवार रात 2 बजे नोएडा के सेक्टर-20 थाने पहुंचे थे। उनके साथ 7 वकील भी थे। एल्विश से पुलिस ने करीब 3 घंटे में 25 सवाल पूछे।

पूछताछ के दौरान एल्विश डरे हुए नजर आए। उन्होंने 3 बार पानी मांगा और 1 कप चाय पी। पुलिस ने उनसे रेव पार्टी, सांप का नशा, सांप तस्करी और राहुल से कनेक्शन जैसे कई सवाल पूछे। ज्यादातर आरोपों को एल्विश ने नकार दिया।

सांप तस्करी से जुड़ा केस नोएडा के सेक्टर-49 में दर्ज हुआ था। हालांकि, FIR दर्ज होने के तीन बाद ही इस थाने के प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया था। इसके बाद केस को सेक्टर-20 थाने में ट्रांसफर कर दिया गया। अब इस केस की जांच इंस्पेक्टर कैलाश नाथ कर रहे हैं।

पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस मामले में गिरफ्तार हुए पांचों लोगों को रिमांड पर लेने की कोशिश कर रही है।

एल्विश यादव समेत 6 पर FIR

बिग बॉस OTT-2 के विनर और यूट्यूबर एल्विश यादव पर सांपों की तस्करी का आरोप लगा है। नोएडा पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत एल्विश यादव समेत 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। एल्विश पर रेव पार्टी करवाने का आरोप है। इस मामले का खुलासा बीजेपी सांसद मेनका गांधी से जुड़े ऑर्गेनाइजेशन PFA ने स्टिंग ऑपरेशन से किया। PFA ने ही पुलिस में शिकायत भी की थी।

एल्विश यादव ने साल 2016 में यूट्यूब की दुनिया में कदम रखते हुए ‘एल्विश यादव’ के नाम से एक चैनल बना दिया। यूट्यूब चैनल पर उन्होंने ‘हाउ वॉइस टेक सेल्फी’ नाम से पहला वीडियो डाला था और इस समय उनके चैनल पर लगभग 14.5 मिलियन सब्सक्राइबर हैं।

साल 2023 में बड़ा फेम मिला

एल्विश यादव की देश में फेस बनने की वजह साल 2023 रहा, जब उन्होंने बिग बॉस OTT सीजन-2 में हिस्सा लिया और उसके विनर बने। ये खिताब जीतने के बाद उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ मंच साझा किया, जिसकी खूब चर्चा हुई। उनका वीडियो भी काफी वायरल हुआ, कयास लगाए जाने लगे कि एल्विश राजनीति में एंट्री कर सकते हैं।