आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल की 7 विधानसभाओं के लिए सोमवार को भी नामांकन भरे जाएंगे। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल हो सकेंगे। बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशी आज नामांकन नहीं भरेंगे, लेकिन अन्य राजनीतिक पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार नामांकन भर सकते हैं।

अब तक एक नामांकन भोपाल मध्य विधानसभा से देवेंद्र प्रकाश मिश्रा ने निर्दलीय के रूप में शनिवार को नामांकन दाखिल किया। उन्होंने चुनाव चिह्न ‘चप्पल’ मांगा है। वे पिछले चुनाव में भी इसी विधानसभा से निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरे थे। हालांकि, वे हार गए थे।

30 अक्टूबर तक भरे जाएंगे, कल छुट्‌टी रहेगी

30 अक्टूबर तक रोज सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। वहीं, 31 अक्टूबर को उनकी जांच होगी। नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवारों के पास अब यूं तो 8 दिन बाकी है, लेकिन इनमें से 3 दिन दशहरा, शनिवार-रविवार की छुट्‌टी रहेगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सिर्फ 5 दिन ही मिलेंगे। मंगलवार को दशहरा होने से नामांकन नहीं लिए जाएंगे। बता दें कि विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद शनिवार से ही नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी प्रशासन ने शुरू कर दी थी।

यहां लिए जा रहे हैं नामांकन

कलेक्टोरेट स्थित एडीएम ऑफिस के साथ एसडीएम ऑफिस में रिटर्निंग अधिकारी नामांकन ले रहे हैं। जहां नामांकन लिए जा रहे, वहां 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा का कड़ा घेरा है। उम्मीदवार समेत पांच लोग ही नामांकन दाखिल करने जा सकेंगे। 100 मीटर के दायरे में 3 गाड़ियां ही उम्मीदवार ला सकेंगे।

गोविंदपुरा, दक्षिण-पश्चिम के नामांकन एडीएम ले रहे

नामांकन ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों ही तरीकों से भरे जा रहे हैं। गोविंदपुरा और दक्षिण-पश्चिम के लिए एडीएम कलेक्टोरेट में नामांकन लेंगे, जबकि बाकी पांच विधानसभा के नामांकन रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम ऑफिस में लेंगे। बता दें कि भोपाल में कुल 7 विधानसभाएं हैं। इनमें नरेला, गोविंदपुरा, हुजूर, दक्षिण-पश्चिम, मध्य भोपाल, उत्तर भोपाल और बैरसिया शामिल हैं। इनमें उतरने वाले उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 20 लाख 86 हजार से अधिक मतदाता करेंगे।

उम्मीदवारों के लिए यह गाइडलाइन

उम्मीदवार रिटर्निंग अधिकारी के सामने खुद मौजूद रहकर नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान उम्मीदवार के साथ 4 अन्य लोग भी रह सकते हैं।

सुविधा एप के जरिए वे ऑनलाइन नामांकन भी दाखिल कर सकते हैं।

निक्षेप (जमानत) राशि का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं।

नामांकन फॉर्म के साथ उम्मीदवार को फॉर्म-2 बी नामांकन फार्म, फॉर्म 26, शपथ पत्र व बैंक खाते की जानकारी सहित अन्य सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

आपराधिक रिकॉर्ड के प्रकाशन के लिए प्रारूप सी-1 एवं सी-4 देना होगा।

कब-कब जमा होंगे नामांकन

23 अक्टूबर, सोमवार को नामांकन दाखिल होंगे।

24 अक्टूबर, मंगलवार को दशहरा होने से छुट्‌टी रहेगी।

25 अक्टूबर, बुधवार को नामांकन भरे जा सकेंगे।

26 अक्टूबर, गुरुवार को भी नामांकन लिए जाएंगे।

27 अक्टूबर, शुक्रवार को नामांकन लिए जाएंगे।

28 अक्टूबर, शनिवार को छुट्‌टी रहेगी।

29 अक्टूबर, रविवार को छुट्‌टी रहेगी।

30 अक्टूबर, सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन रहेगा।

भोपाल की 7 विधानसभा में 20.86 लाख मतदाता

चुनाव में भोपाल की 7 विधानसभा के 20 लाख 86 हजार 569 मतदाता वोट डालेंगे। 80 वर्ष या इससे अधिक उम्र के 27 हजार वोटर्स हैं, जबकि 8 हजार दिव्यांग वोटरों के लिए हर मतदान केंद्र पर व्हील चेयर की व्यवस्था रहेगी। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को घरों से भी लाने ले जाने की व्यवस्था रहेगी।

जिले के कुल मतदाताओं में 10 लाख 74 हजार 376 पुरुष और 10 लाख 11 हजार 681 महिला मतदाता हैं। 174 अन्य यानी थर्ड जेंडर हैं। सबसे ज्यादा मतदाता गोविंदपुरा में 3 लाख 92 हजार 905 हैं। वहीं, सबसे कम भोपाल दक्षिण-पश्चिम में 2 लाख 31 हजार 849 मतदाता हैं।