आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी भोपाल में अक्टूबर के आखिरी दिनों में तापमान में गिरावट के साथ रात में ठंड बढ़ती जा रही है। 24 घंटे में शुक्रवार को रात के तापमान में 1.2 डिग्री गिरावट के साथ पारा 15.8 डिग्री पर आ गया। यह इस सीजन में अभी तक रात का सबसे कम तापमान है। यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा।
राजधानी भोपाल में रातें ठंडी और दिन गर्म हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो उत्तरी हवाएं चलने से रात के टेम्प्रेचर में गिरावट आई है। इससे टेम्प्रेचर 16 डिग्री के नीचे पहुंच गया है। गुरुवार रात तापमान 15.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तापमान 32 से 33 डिग्री के आसपास है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि उत्तर भारत और हिमाचल प्रदेश के ऊपर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस लौट गया है। इस कारण रात में हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हो गया है। उत्तर भारत में बर्फबारी भी हो रही है। इस कारण यहां ठंडी हवाएं चल रही हैं। दिन में हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी है। इस कारण भोपाल में तापमान 32 डिग्री के आसपास ही है।
भोपाल:अक्टूबर में मौसम का ट्रेंड
12 अक्टूबर 2012 में अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री तक पहुंच चुका है।
सबसे ठंडी रात 27 अक्टूबर 1971 की रही। पारा 11.7 डिग्री दर्ज किया गया था।
सर्वाधिक मासिक बारिश वर्ष 1955 में हुई थी। महीने में 188.2 मिमी यानी 7.40 इंच पानी गिरा था।
24 घंटे में सर्वाधिक बारिश 6 अक्टूबर 2009 में 5 इंच हुई थी।
एमपी में भी ऐसा ही मौसम
मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई शहरों में अभी रात का तापमान 16 से 18 डिग्री तक है। 30-31 अक्टूबर तक यहां तापमान 15-16 डिग्री तक पहुंच जाएगा। हालांकि, उत्तर भारत में 2 नवंबर तक एक पश्चिमी विक्षोप एक्टिव होगा। इसका असर मध्यप्रदेश में तो नहीं होगा, लेकिन इससे तापमान में बढ़ोतरी जरूर होगी। फिलहाल प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी, रीवा, नौगांव, मलांजखंड आदि शहरों में रात का टेम्प्रेचर 15 डिग्री या इससे कम पर आ गया है।