आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में गुरुवार दोपहर तक कांग्रेस के पांच और भाजपा के चार प्रत्याशियों ने अलग-अलग सीटों के लिए नामांकन दाखिल किए। कांग्रेस से भोपाल उत्तर से आतिफ अकील, नरेला से मनोज शुक्ला, भोपास दक्षिण-पश्चिम से पीसी शर्मा, भोपाल मध्य से आरिफ मसूद और हुजूर से नरेश ज्ञानचंदानी ने नामांकन जमा किया। भाजपा से हुजूर से रामेश्वर शर्मा, गोविंदपुरा से कृष्णा गौर, नरेला से विश्वास सारंग और भोपाल मध्य से ध्रुवनारायण सिंह ने अपने-अपने फॉर्म जमा किए। विश्वास सारंग स्कूटी से नामांकन दाखिल करने एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
विधानसभा चुनाव के नामांकन भरने के लिए अब सिर्फ 5 दिन बचे हैं। इनमें भी उम्मीदवारों को 3 दिन ही मिलेंगे। शनिवार-रविवार को छुट्टी होने से वे नामांकन दाखिल नहीं कर पाएंगे। ऐसे में 26-27 अक्टूबर यानी गुरुवार और शुक्रवार को बीजेपी-कांग्रेस के साथ ही अन्य पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार नामांकन भर सकते हैं।
हनुमानजी पूजा कर रामेश्वर ने दाखिल किया नामांकन
हुजूर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी विधायक रामेश्वर शर्मा ने गुरुवार की दोपहर अपना नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष दाखिल किया। इसके पूर्व वे सुबह घर से निकलकर सीधे चार इमली हनुमान मंदिर पहुंचे और वहां हनुमानजी को साष्टांग प्रणाम कर पूजा अर्चना की। उनकी पत्नी संगीता शर्मा ने उन्हें तिलक किया। इसके बाद वह क्षेत्र के नेताओं के साथ नामांकन दाखिल करने हुजूर तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर आशुतोष शर्मा के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने आज नामांकन पत्र के दो अलग अलग सेट दाखिल किए।
जनसेवा का संकल्प लिया है
नामांकन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा प्रत्याशी रामेश्वर शर्मा ने कहा,
जब से राजनीति में आया मैंने जन सेवा का संकल्प लिया है। इसे सदैव निभाऊंगा।
फॉर्म लेने वालों ने चौंकाया
नरेला विधानसभा से आम आदमी पार्टी से रईसा मलिक और निर्दलीय के तौर पर पूर्व पार्षद बाबू मस्तान समेत चार प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है। गोविंदपुरा और मध्य से भी एक-एक नामांकन आए हैं। दूसरी ओर, नामांकन फॉर्म लेने वालों ने चौंका दिया है।
भोपाल उत्तर से वर्तमान विधायक आरिफ अकील के भाई आमिर अकील ने भी नामांकन फॉर्म लिया है, जबकि इस सीट से कांग्रेस ने विधायक आरिफ अकील के बेटे आतिफ अकील को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। कुछ अन्य विधानसभाओं में भी बीजेपी-कांग्रेस के बागियों ने फॉर्म खरीदे हैं।
30 अक्टूबर तक भरे जाएंगे
30 अक्टूबर तक रोज सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। 31 अक्टूबर को इनकी जांच होगी। इस तरह नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवारों के पास अब यूं तो 5 दिन बाकी हैं, लेकिन इनमें से 2 दिन शनिवार-रविवार की छुट्टी रहेगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सिर्फ 3 दिन ही मिलेंगे। बता दें, विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद 21 अक्टूबर से ही नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी प्रशासन ने शुरू कर दी थी।
यहां लिए जा रहे हैं नामांकन
कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम ऑफिस के साथ एसडीएम ऑफिस में रिटर्निंग अधिकारी नामांकन ले रहे हैं। जहां नामांकन लिए जा रहे, वहां 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा का कड़ा घेरा है। उम्मीदवार समेत पांच लोग ही नामांकन दाखिल करने जा सकेंगे। 100 मीटर के दायरे में 3 गाड़ियां ही उम्मीदवार ला सकेंगे।