आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी भोपाल में रात का टेम्प्रेचर बढ़ गया है। 24 घंटे में ही 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक पारे में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन 20 नवंबर से पारा लुढ़कने लगेगा और सर्दी बढ़ जाएगी।

IMD भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया, प्रदेश में दिसंबर और जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ती है। इस वजह से भोपाल में भी पारा 4 डिग्री से नीचे तक भी पहुंच जाता है। इससे पहले नवंबर में गुलाबी ठंड पड़ती है। इस बार भी ऐसा ही मौसम है। उत्तरी भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की वजह से दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का असर है।

आखिरी सप्ताह में ही तेज ठंड पड़ने लगेगी

मौसम वैज्ञानिक प्रकाश धावले ने बताया कि भोपाल में आखिरी सप्ताह तक रात का टेम्प्रेचर 10 से 11 डिग्री तक आ सकता है। दिन में तापमान 30 डिग्री के आसपास ही रहेगा।

नवंबर में ऐसा रहेगा भोपाल का मौसम

पहला हफ्ता: दिन में कम ठंडक रहेगी। दिन का तापमान 32-33 डिग्री के आसपास और रात का 15 से 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

दूसरा हफ्ता: पहले हफ्ते के मुकाबले दिन के तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है। रात का तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा बना रह सकता है, इसलिए बहुत तेज ठंड नहीं पड़ेगी।

तीसरा हफ्ता: एक या दो दिन बादल छाए रहने की संभावना है। बूंदाबांदी के आसार नहीं हैं। बादल छाने से रात के तापमान में इजाफा हो सकता है।

चौथा हफ्ता: आखिरी हफ्ते में दो या तीन दिन सुबह के वक्त धुंध छा सकती है। दिन के तापमान में मामूली गिरावट होने की संभावना है। सात दिनों में से दो या तीन दिन रात में थोड़ी ठंड बढ़ सकती है।

भोपाल में दिन में गर्मी रात में ठंड

भोपाल में नवंबर महीने में पिछले 10 साल से दिन में गर्मी और रात में सर्दी का ट्रेंड है। मौसम विभाग ने इस बार भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया है। भोपाल में 10 साल में दो बार ऐसा हुआ, जब रात का टेम्प्रेचर 9 डिग्री तक पहुंचा हो। इस बार पारा 10 से 12 डिग्री के बीच ही रहेगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से बूंदाबांदी भी हो सकती है।