आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में 4 दिन चली चुनावी ट्रेनिंग से कुल 784 अधिकारी-कर्मचारी गायब रहे। ऐसे कर्मचारियों की लिस्ट कलेक्टर आशीष सिंह ने बुलाई है। गायब रहने वाले कर्मचारियों को पहले नोटिस दिए जाएंगे, फिर सस्पेंड करने की कार्रवाई हो सकती है। दिलचस्प ये है कि सिर्फ 125 कर्मचारियों ने ही गैर हाजिर होने की वजह बताई है।

विधानसभा चुनाव के लिए ईवीएम की ABCD सीखाने के लिए भोपाल के 7 सेंटरों पर 12, 13, 16 और 17 अक्टूबर को ट्रेनिंग रखी गई थी। इसके लिए कुल 17 हजार 742 अधिकारी-कर्मचारियों को सिलेक्शन किया गया था, लेकिन कुल 784 कर्मचारियों ने ट्रेनिंग में दिलचस्पी नहीं दिखाई और वे सेंटरों पर मौजूद ही नहीं रहे।

गायब कर्मचारियों की लिस्ट तैयार

ट्रेनिंग से गायब रहे कर्मचारियों की लिस्ट जिला प्रशासन ने तैयार की है, जिसे कलेक्टर सिंह को भेजी जा रही है। कलेक्टर सिंह ने ट्रेनिंग को लेकर स्पष्ट कहा था कि अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर निलंबित करेंगे।

इन सेंटरों पर हुई थी ट्रेनिंग

बीएसएसएस हबीबगंज नाका, गांधी मेडिकल कॉलेज, मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल टीटी नगर, समन्वय भवन टीटी नगर, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, शहीद भवन एमएलए रेस्ट हाउस और कुक्कुट भवन वैशाली नगर।

वैध कारण बताने वालों को छूट मिलेगी

ट्रेनिंग में अनुपस्थित रहने को लेकर करीब सवा सौ कर्मचारियों ने बकायदा अपने आवेदन भी जिला प्रशासन को दिए। इनमें पहले से छुट्‌टी पर रहने, शहर से बाहर होने, बीमार होने जैसे कारण बताए हैं। जिला पंचायत सीईओ ऋतुराज सिंह, सहायक नोडल अधिकारी संदीप श्रीवास्तव को दिए कई आवेदनों में कर्मचारियों ने ट्रेनिंग को आगे बढ़ाने का भी अनुरोध किया।