आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चेतना रंगसमूह ने भोपाल के रंगकर्मी स्वर्गीय रमेश अहिरे की स्मृति में आयोजित राष्ट्रीय नाट्य समारोह के पहले दिन भेल सांस्कृतिक सभागार में आशीष श्रीवास्तव लिखित और निर्देशित नाटक बेटर हॉफ का बेहद प्रभाशाली और यादगार मंचन हुआ ।

नाटक बुजुर्ग बंगाली दम्पत्ति प्रशांत चटर्जी और सुधा के जीवन पर केन्द्रित है। प्रशांत और सुधा के बीच अटूट प्रेम, उनके बीच होने वाली नोंकझोंक और जन्मदिन पर छिपाकर दिये जाने वाले उपहार जैसी घटनाओं से नाटक आगे बढ़ता है। प्रशांत के जीवन में तब एक तूफान आ जाता है जब ग़लत ईलाज के चलते सुधा चल बसती है। प्रशांत अस्पताल के ख़िलाफ़ केस कर देता है और तमाम दवाबों, धमकियों के बाद भी हार नही मानता और अंत में केस जीतकर सुधा को सही मायने में श्रद्धांजलि देता है ।

प्रशांत चटर्जी की भूमिका में राजीव श्रीवास्तव ने और सुधा की भूमिका में नीति श्रीवास्तव ने बहुत ही प्रभावी अभिनय किया और बुजुर्ग दम्पत्ति के आपसी प्रेम, नोंकझोंक को जितनी खूबसूरती से निभाया उतनी ही खूबसूरती से संवेदनशील और भावुक दृश्यों में अपने अभिनय से गहरी छाप छोड़ी । मंच पर राजीव और नीति के बीच सामंजस्य देखने लायक था । सहयोगी पात्रों में विवेक त्रिपाठी, गौरव जोडे, सुनीता अहिरे, आशीष ओझा और उत्कर्ष खरे ने भी अपने अभिनय से नाटक को गति प्रदान की ।

नाटक की कहानी और दृश्यों के अनुकूल कमल जैन की प्रकाश परिकल्पना नाटक को प्रभावी बनाने में बहुत महत्वपूर्ण रही । मंच आकल्पन दिनेश नायर का था और संगीत निर्दशन उमेश तरकस्वार का