आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी की 7 में से 6 विधानसभा क्षेत्रों पर बीजेपी और कांग्रेस के कुल 10 कैंडिडेट्स ने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। इनमें से 9 कैंडिडेट करोड़पति हैं। कांग्रेस के मनोज शुक्ला सबसे अमीर हैं, तो बीजेपी के ध्रुवनारायण सिंह के पास जमीन सबसे ज्यादा है। गाड़ियों के मामले में कांग्रेस के आतिफ अकील सबसे आगे हैं। कार, जीप, ट्रैक्टर, बाइक-स्कूटर मिलाकर इनके पास कुल 6 गाड़ियां हैं। विश्वास सारंग, रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, आरिफ मसूद, पीसी शर्मा भी चल-अचल संपत्ति के मामले में आगे हैं, जबकि नरेश ज्ञानचंदानी के पास खुद की गाड़ी भी नहीं है।
नामांकन के साथ कैंडिडेट्स ने शपथ पत्र में चल-अचल संपत्ति की जानकारी भी दी है। दैनिक भास्कर ने सभी के शपथ पत्रों का एनालिसिस किया। जाना कि किसके पास कितनी संपत्ति हैं। इनमें से कुछ ऐसे भी हैं, जिनके पास सोना-चांदी ज्यादा है, तो किसी के पास रिवाॅल्वर भी है। जानिए, किसके पास कितनी चल-अचल संपत्ति है…।
कैश रखने में पत्नी से पीछे रामेश्वर, ज्ञानचंदानी की पत्नी के नाम स्कूटर
हुजूर विधानसभा से बीजेपी ने मौजूदा विधायक रामेश्वर शर्मा को फिर मौका दिया है। उन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया है। कैश रखने के मामले में रामेश्वर से आगे उनकी पत्नी हैं। पत्नी के पास पौने 3 लाख रुपए हैं, जबकि शर्मा के पास 1 लाख 7 हजार रुपए ही हैं। हालांकि, बैंक में ज्यादा राशि जमा है। शर्मा के पास 25 ग्राम सोना है, तो उनके पत्नी के पास 378 ग्राम सोना और 1 किलो चांदी है। पैतृक गांव में 68.844 एकड़ से ज्यादा कृषि भूमि है।
कांग्रेस कैंडिडेट नरेश ज्ञानचंदानी के पास नकद और बैंक में कम राशि ही जमा है। खुद के पास सोना नहीं है, लेकिन पत्नी के नाम 15 तोला सोना है। पत्नी के नाम एक स्कूटर है। वहीं, मकान भी उन्हीं के नाम है।
बीजेपी की कृष्णा गौर के पास एक किलो सोना, राशि भी ज्यादा
गोविंदपुरा विधानसभा से बीजेपी कैंडिडेट कृष्णा गौर के पास 10 बैंक अकाउंट में 1.21 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि है। उनके पास 1136 ग्राम सोना और करीब 3 किलो चांदी है। वे एक होंडा सिटी और एक एमजी हैक्टर प्लस कार की मालकिन भी हैं। वहीं कांग्रेस के रवींद्र साहू के पास पत्नी से कम कैश और बैंक अकाउंट में राशि है। दोनों के पास 750 ग्राम से अधिक सोना है। 3 करोड़ 80 लाख रुपए कीमत की अचल संपत्ति भी है।
बीजेपी के ध्रुवनारायण सिंह के पास कृषि भूमि ज्यादा, हथियार भी
भोपाल मध्य विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी ध्रुवनारायण सिंह के पास कृषि भूमि ज्यादा है। खुद के पास 350 ग्राम सोना भी है। उनके पास 12 बोर गन और पत्नी के नाम राइफल है। चल संपत्ति की कीमत पौने 3 करोड़ रुपए से ज्यादा है, जबकि 45 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है।
वहीं, कांग्रेस के आरिफ मसूद के पास नगद 1 लाख रुपए है, जबकि बैंक में 47 लाख रुपए जमा है। खुद के पास तो नहीं, लेकिन पत्नी के पास जरूर 710 ग्राम सोना है। 6 करोड़ रुपए से ज्यादा की अचल संपत्ति भी है।
विश्वास सारंग के पास बैंक में ज्यादा रुपए, शुक्ला भी कम नहीं
नरेला विधानसभा से बीजेपी कैंडिडेट और मौजूदा विधायक विश्वास सारंग के पास बैंक में सबसे ज्यादा 1.13 करोड़ रुपए है। वे अचल संपत्ति के भी मालिक हैं। 13 करोड़ रुपए से ज्यादा प्रॉपर्टी है।
कांग्रेस के मनोज शुक्ला भी पीछे नहीं है। उनके पास कैश और बैंक में तो कम राशि है, लेकिन प्रॉपर्टी के मामले में किसी से कम नहीं है। उनके पास कृषि भूमि, मकान, प्लाट को मिलाकर 56 करोड़ रुपए से ज्यादा की प्रॉपर्टी है।