सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आटा, चना और मूंग दाल के बाद अब केंद्र सरकार चावल भी रियायती रेट पर देने जा रही है। भोपाल में इसकी शुरुआत बुधवार से होगी। राजधानी में 6 से 7 वैन लगाकर चावल की 29 रुपए प्रतिकिलो पर बिक्री की जाएगी, जबकि परमानेंट स्टॉल से भी ग्राहक चावल खरीद सकेंगे। नेशनल को-ऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ इंडिया (NCCF) के जरिए चावल की बिक्री होगी।

वैन के अलावा एनसीसीएफ ने शहर में स्थायी स्टॉल भी लगाए हैं। ग्राहक एमपी नगर जोन-2 में ऑफिस परिसर, बिट्‌ठन मार्केट स्थित प्रियदर्शनी मार्केट, बावड़िया कलां में नेकोफ डे-टू-डे स्टोर पर भी चावल खरीदे सकते हैं।

5 और 10 किलो के पैक में मिलेगा चावल

शाखा प्रबंधक अपर्णा सिंह ने बताया, अच्छी क्वॉलिटी का साबुत चावल 29 रुपए किलोग्राम में लोगों को उपलब्ध करवाया जाएगा। वर्तमान में इस तरह का चावल बाजार में 40 से 42 रुपए किलोग्राम मिल रहा है। चावल 5 और 10 किलोग्राम पैक में होंगे। एक व्यक्ति को अधिकतम 20 किलोग्राम चावल दिए जाएंगे। उन्होंने बताया, 7 फरवरी, बुधवार से इसकी शुरुआत की जाएगी।

आटा और दाल पहले से उपलब्ध करा रहे

फील्ड ऑफिसर मोहम्मद राशिद ने बताया कि वर्तमान में केंद्र सरकार की ओर से रियायती दर पर आटा, चना दाल, मूंग दाल और मूंग साबुत उपलब्ध करवाई जा रही है। आटा अभी 27.50 रुपए प्रति किलोग्राम, जबकि चना दाल 60 रुपए किलो प्रतिग्राम की दर से उपलब्ध करवाया जा रहा है। मूंग दाल 107 और मूंग साबुत के रेट 93 रुपए प्रति किलो है।

बाजार से कम रेट पर आटा-दाल

आटा

27.50 रुपए प्रति किलो

चना दाल

60 रुपए प्रति किलो

मूंग दाल

107 रुपए प्रति किलो

मूंग साबुत

93 रुपए प्रति किलो

प्याज की बिक्री भी की थी

इससे पहले केंद्र सरकार ने प्याज के दाम 80 रुपए किलो से ऊपर जाने पर रियायती दर पर इनकी बिक्री शुरुआत की थी। इसके लिए भोपाल शहर के अलावा प्रदेश के दूसरे शहरों में अलग-अलग जगह मोबाइल काउंटर लगाए गए थे।