आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में 25 अक्टूबर यानी, बुधवार को स्थानीय अवकाश है, लेकिन विधानसभा चुनाव के नामांकन भरे जाएंगे। बुधवार को कई निर्दलीय नामांकन दाखिल कर सकते हैं, जबकि 26 अक्टूबर के बाद बीजेपी-कांग्रेस के प्रत्याशी नामांकन भरेंगे। अब तक भोपाल मध्य विधानसभा से ही एक नामांकन दाखिल हुआ है। बाकी विधानसभाओं में एक भी नामांकन नहीं भरा गया है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने बताया, भोपाल जिले के लिए राज्य शासन के दशहरा के दूसरे दिन यानी दुर्गा विसर्जन (25 अक्टूबर) के स्थानीय अवकाश का चुनाव प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इस दिन सभी विधानसभा क्षेत्रों के संबंधित स्थलों पर नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।
निर्दलीय के रूप में एक नामांकन आया
बता दें कि 21 अक्टूबर से नामांकन भरे जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन भोपाल मध्य विधानसभा से देवेंद्र प्रकाश मिश्रा ने निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया था। उन्होंने चुनाव चिह्न ‘चप्पल’ मांगा है। वे पिछले चुनाव में भी इसी विधानसभा से निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरे थे। हालांकि, वे हार गए थे।
रविवार को अवकाश होने से एक भी नामांकन नहीं भरा जा सका, जबकि सोमवार को गोविंदपुरा विधानसभा के लिए एक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन की प्रीव्यू कॉपी लेकर आ गए थे। उन्होंने नामांकन सब्मिट नहीं किया था। इसलिए यह नामांकन जमा नहीं हो सका। मंगलवार को दशहरा होने की वजह से नामांकन जमा नहीं किए गए। अब बुधवार को नामांकन भरे जाएंगे।
30 अक्टूबर तक भरे जाएंगे
30 अक्टूबर तक रोज सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। वहीं, 31 अक्टूबर को उनकी जांच होगी। नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवारों के पास अब यूं तो 6 दिन बाकी है, लेकिन इनमें से 2 दिन शनिवार-रविवार की छुट्टी रहेगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सिर्फ 4 दिन ही मिलेंगे। बता दें कि विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद 21 अक्टूबर से ही नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी प्रशासन ने शुरू कर दी थी।
यहां लिए जा रहे हैं नामांकन
कलेक्टोरेट स्थित एडीएम ऑफिस के साथ एसडीएम ऑफिस में रिटर्निंग अधिकारी नामांकन ले रहे हैं। जहां नामांकन लिए जा रहे, वहां 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा का कड़ा घेरा है। उम्मीदवार समेत पांच लोग ही नामांकन दाखिल करने जा सकेंगे। 100 मीटर के दायरे में 3 गाड़ियां ही उम्मीदवार ला सकेंगे।
गोविंदपुरा, दक्षिण-पश्चिम के नामांकन एडीएम ले रहे
नामांकन ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों ही तरीकों से भरे जा रहे हैं। गोविंदपुरा और दक्षिण-पश्चिम के लिए एडीएम कलेक्टोरेट में नामांकन लेंगे, जबकि बाकी पांच विधानसभा के नामांकन रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम ऑफिस में लेंगे। बता दें कि भोपाल में कुल 7 विधानसभाएं हैं। इनमें नरेला, गोविंदपुरा, हुजूर, दक्षिण-पश्चिम, मध्य भोपाल, उत्तर भोपाल और बैरसिया शामिल हैं। इनमें उतरने वाले उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 20 लाख 86 हजार से अधिक मतदाता करेंगे।
उम्मीदवारों के लिए यह गाइडलाइन
उम्मीदवार रिटर्निंग अधिकारी के सामने खुद मौजूद रहकर नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान उम्मीदवार के साथ 4 अन्य लोग भी रह सकते हैं।
सुविधा एप के जरिए वे ऑनलाइन नामांकन भी दाखिल कर सकते हैं।
निक्षेप (जमानत) राशि का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं।
नामांकन फॉर्म के साथ उम्मीदवार को फॉर्म-2 बी नामांकन फार्म, फॉर्म 26, शपथ पत्र व बैंक खाते की जानकारी सहित अन्य सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
आपराधिक रिकॉर्ड के प्रकाशन के लिए प्रारूप सी-1 एवं सी-4 देना होगा।
कब-कब जमा होंगे नामांकन
25 अक्टूबर, बुधवार को नामांकन भरे जा सकेंगे।
26 अक्टूबर, गुरुवार को भी नामांकन लिए जाएंगे।
27 अक्टूबर, शुक्रवार को नामांकन लिए जाएंगे।
28 अक्टूबर, शनिवार को छुट्टी रहेगी।
29 अक्टूबर, रविवार को छुट्टी रहेगी।
30 अक्टूबर, सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन रहेगा।