आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल जिले की सात विधानसभा के लिए अब तक कुल 37 नामांकन दाखिल हो चुके हैं। नामांकन भरने के लिए अब 4 दिन बचे हैं। इनमें 28 और 29 अक्टूबर को छुट्टी है। ऐसे में उम्मीदवारों के पास नामांकन भरने के लिए सिर्फ 2 दिन ही हैं। शुक्रवार को बैरसिया में बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन जमा कर सकते हैं। वहीं, दक्षिण-पश्चिम और उत्तर विधानसभा क्षेत्रों से भी बीजेपी प्रत्याशी नामांकन भरेंगे।
भोपाल मध्य, नरेला, हुजूर और गोविंदापुरा में बीजेपी-कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशियों ने गुरुवार को ही नामांकन भर दिए। वहीं, दक्षिण-पश्चिम और उत्तर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन भरे। इस दिन कुल 29 नामांकन भरे गए। इन्हें मिलाकर कुल 37 नामांकन भरे जा चुके हैं।
अब तक इन्होंने जमा किए नामांकन
कांग्रेस से भोपाल उत्तर से आतिफ अकील, नरेला से मनोज शुक्ला, दक्षिण-पश्चिम से पीसी शर्मा, मध्य से आरिफ मसूद, गोविंदपुरा से रवींद्र साहू और हुजूर से नरेश ज्ञानचंदानी ने फॉर्म जमा किए। भाजपा से हुजूर से रामेश्वर शर्मा, गोविंदपुरा से कृष्णा गौर, नरेला से विश्वास सारंग और मध्य से ध्रुवनारायण सिंह ने अपने-अपने नामिनेशऩ जमा किए। विश्वास सारंग स्कूटी से नामांकन दाखिल करने एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहीं, रामेश्वर शर्मा हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के बाद नामांकन भरने पहुंचे थे।
अब तक कहां, कितने नामांकन जमा
नरेला विधानसभा में 17
भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा में 2
भोपाल मध्य विधानसभा में 4
भोपाल उत्तर विधानसभा में 3
हुजूर विधानसभा में 3
गोविंदपुरा विधानसभा में 4
बैरसिया विधानसभा में 2
27-30 अक्टूबर को भरे जाएंगे नामांकन
30 अक्टूबर तक रोज सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। 31 अक्टूबर को इनकी जांच होगी। इस तरह नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवारों के पास अब यूं तो 4 दिन बाकी हैं, लेकिन इनमें से 2 दिन शनिवार-रविवार की छुट्टी रहेगी। ऐसे में उम्मीदवारों को सिर्फ 2 दिन ही मिलेंगे। बता दें, विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद 21 अक्टूबर से ही नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी प्रशासन ने शुरू कर दी थी।
यहां लिए जा रहे हैं नामांकन
कलेक्ट्रेट स्थित एडीएम ऑफिस के साथ एसडीएम ऑफिस में रिटर्निंग अधिकारी नामांकन ले रहे हैं। जहां नामांकन लिए जा रहे, वहां 100 मीटर के दायरे में सुरक्षा का कड़ा घेरा है। उम्मीदवार समेत पांच लोग ही नामांकन दाखिल करने जा सकेंगे। 100 मीटर के दायरे में 3 गाड़ियां ही उम्मीदवार ला सकेंगे।
गोविंदपुरा, दक्षिण-पश्चिम के नामांकन एडीएम ले रहे
नामांकन ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों ही तरीकों से भरे जा रहे हैं। गोविंदपुरा और दक्षिण-पश्चिम के लिए एडीएम कलेक्ट्रेट में नामांकन लेंगे, जबकि बाकी पांच विधानसभा के नामांकन रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम ऑफिस में लेंगे।
उम्मीदवारों के लिए गाइडलाइन
रिटर्निंग अधिकारी के सामने खुद मौजूद रहकर नामांकन दाखिल करना होगा। उम्मीदवार के साथ 4 अन्य लोग भी रह सकते हैं।
सुविधा एप के जरिए ऑनलाइन नामांकन भी दाखिल कर सकते हैं।
निक्षेप (जमानत) राशि का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं।
नामांकन फॉर्म के साथ उम्मीदवार को फॉर्म-2 बी नामांकन फार्म, फॉर्म 26, शपथ पत्र व बैंक खाते की जानकारी सहित अन्य सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
आपराधिक रिकॉर्ड के प्रकाशन के लिए प्रारूप सी-1 एवं सी-4 देना होगा।
कब-कब जमा होंगे नामांकन
27 अक्टूबर, शुक्रवार को नामांकन लिए जाएंगे।
28 अक्टूबर, शनिवार को छुट्टी रहेगी।
29 अक्टूबर, रविवार को छुट्टी रहेगी।
30 अक्टूबर, सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन रहेगा।
भोपाल की 7 विधानसभा में 20.86 लाख मतदाता
चुनाव में भोपाल की 7 विधानसभा के 20 लाख 86 हजार 569 मतदाता वोट डालेंगे। 80 वर्ष या इससे अधिक उम्र के 27 हजार वोटर्स हैं, जबकि 8 हजार दिव्यांग वोटरों के लिए हर मतदान केंद्र पर व्हील चेयर की व्यवस्था रहेगी। बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को घरों से भी लाने ले जाने की व्यवस्था रहेगी।
जिले के कुल मतदाताओं में 10 लाख 74 हजार 376 पुरुष और 10 लाख 11 हजार 681 महिला मतदाता हैं। 174 अन्य यानी थर्ड जेंडर हैं। सबसे ज्यादा मतदाता गोविंदपुरा में 3 लाख 92 हजार 905 हैं। वहीं, सबसे कम भोपाल दक्षिण-पश्चिम में 2 लाख 31 हजार 849 मतदाता हैं।