आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में दो बहनों को अगवा करने वाले आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अंग तस्करी के रैकेट से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया है कि जिस लेडी डॉक्टर को दोनों बच्चियां बेची जानी थी, वह अर्चना की रिश्ते की बहन है।
उसके तीन अस्पताल हैं। एक दिल्ली, दूसरा दिल्ली के करीब हरियाणा और तीसरा हैदराबाद में है। यह महिला डॉक्टर मानव अंगों की तस्करी करती है। उसका नेटवर्क देश-विदेश तक फैला है। पूछताछ जारी है। दूसरी ओर, आरोपियों के बयानों की तस्दीक के लिए क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाने की तीन टीमें दिल्ली-हैदराबाद और हरियाणा रवाना हुई हैं। इस बीच, बुधवार दोपहर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 200 जोड़ी कपड़े, करीब 75 हजार रुपए कीमत की पर्सियन नस्ल की बिल्ली, विदेशी नस्ल के चार कुत्ते, होटलों के बिल जब्त किए हैं। इधर, आरोपी अर्चना, निशांत, सूरज और मुस्कान को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें 4 दिन की रिमांड पर भेजा गया है। अर्चना की नाबालिग बेटी को बाल न्यायालय में पेश कर बालिका गृह भेज दिया है।
सूरज और मुस्कान ने काजल को हैंगर से पीटा
आरोपी सूरज के मोबाइल फोन में पुलिस को कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इनमें एक वीडियो काजल से मारपीट का भी मिला है। जिसमें सूरज और मुस्कान हैंगर से काजल को बेरहमी से पीट रहे हैं। उसमें दोनों मार-मारकर काजल को रटा रहे हैं कि कोई पूछे तो कहना मेरे मां-पिता मारते थे। यह बात मैने सूरज भैया को बताई। इसके बाद उन्होंने मुझे साथ रख लिया।
बता दें, सूरज इस पूरे रैकेट की मास्टरमाइंड अर्चना का बेटा है। उसने ही सबसे पहले स्वीकार किया था कि उसकी मौसी की 3 अस्पताल हैं। वह मानव अंग तस्करी के काम से जुड़ी हैं। उसके टूटने के बाद अर्चना ने अपनी बहन के दिल्ली, हरियाणा और हैदराबाद के पते पुलिस को बताए हैं।
निशांत के घर मिले महंगे सामान की खरीदारी के बिल
आरोपी निशांत महंगे कपड़े पहनने का शौकीन है। उसे बुधवार को जब कोर्ट में पेश किया तो वह जो टी शर्ट पहना हुआ था उस पर अमीरी लिखा था। उसके घर से पिछले कुछ दिन में कई महंगे सामान की खरीदारी के बिल भी पुलिस को मिले थे। सभी सामान ऑनलाइन मंगाए गए हैं। आरोपियों के घर की सर्चिंग के दौरान पुलिस को लाखों रुपए कीमत के करीब 200 से अधिक जोड़ी कपड़े मिले हैं। अधिकांश कपड़े नए हैं, जिनकी टैग तक नहीं निकले हैं। साथ ही आलीशान होटलों के बिल भी मिले हैं।
भारत में प्रतिबंधित कछुआ भी मिला
पुलिस ने आरोपी के घर से चार डॉग बरामद किए हैं। जिसमें हस्की, सेम बनाट नस्ल का पप्पी, एक शीट जू नस्ल का डॉग है। दरअसल, अर्चना का एक कुत्ता घर के बाहर निकल गया था। जिसे कुत्तों ने मार डाला। वहीं, एक 75 हजार रुपए कीमत पर्शियन कैट की कैट भी मिली है। अभी उसकी तबीयत ठीक नहीं है। यहां भारत में प्रतिबंधित एक विदेशी कछुआ भी मिला है। इसके बाद मामले में अब फॉरेस्ट भी आरोपियों पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। आरोपी घर में पले जानवरों की डाइट पर ही एक हजार रुपए से अधिक रोज खर्च किया करते थे। जीव जंतु सहायता समूह की टीम ने सभी जानवरों का रेस्क्यू किया है। पीपल्स फॉर एनिमल की प्रेसीडेंट स्वाति कौरव का कहना है कि सभी जानवरों की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपए है।
चार एंगल पर पुलिस की जांच: एडिशनल डीसीपी
एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी लगातार बयान बदल रहे हैं। अब पुलिस मानव तस्करी, भीख मंगवाने, तंत्र-मंत्र और मानव अंगों की तस्करी के एंगल पर जांच कर रही है। उनके बयानों की तस्दीक की जा रही है।