आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व मनाया गया। राजधानी में 30 से अधिक जगह रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए गए। कोलार में 105 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ ही 45-45 फीट ऊंचे मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले जलाए गए। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी हुई। इससे पहले, देशभक्ति और भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं। इसी तरह, बिट्टन मार्केट में भी रावण दहन कार्यक्रम हुआ।
कोलार हिंदू उत्सव समिति और दैनिक भास्कर के तत्वावधान में 7 बजे से रावण दहन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस मौके पर विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय ने लोगों को संबोधित किया और आयोजन की सराहना की।
भजन, डांस और मिमिक्री का दर्शकों ने उठाया लुत्फ
कोलार में आयोजित हुए कार्यक्रम में कलाकारों ने डांस, भजन और मिमिक्री की प्रस्तुति दी। जब भजनों के प्रस्तुति दी जा रही थी, तब लोगों ने मोबाइल की टाॅर्च जलाकर उत्साहवर्धन किया। यही नहीं, सोनी टीवी के डांस इंडिया डांस कार्यक्रम में प्रस्तुति दे चुकीं नीरजा तिवारी ने शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद नाट्य संस्था ने दर्शकों का रोमांच दोगुना कर दिया। करीब साढ़े 3 घंटे तक चले कार्यक्रम में एक्टर कीकू शारदा ‘बच्चा यादव’ के गेटअप में पहुंचे। उन्होंने लोगों को जमकर गुदगुदाया। मंच पर कोलार हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष महेश मीना समेत समिति पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन सचिव रविंद्र यती ने किया।
20 साल से कोलार में आयोजन
कोलार हिंदू उत्सव समिति की ओर से हर साल रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। समिति के सचिव यती ने बताया कि संस्था 20 साल से यह आयोजन कर रही है। इस बार 105 फीट के रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया है। इस दौरान चंद्रयान का प्रदर्शन भी किया।
बिट्टन मार्केट में 45वां दशहरा महोत्सव मना
बिट्टन मार्केट दशहरा महोत्सव का आयोजन अरेरा (राजधानी) उत्सव समिति एवं दैनिक भास्कर ने किया। यह 45वां आयोजन था। इस मौके पर दैनिक भास्कर के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर पवन अग्रवाल, महोत्सव के अध्यक्ष राजेश व्यास, महासचिव संजय सोमानी, अध्यक्ष आयोजन समिति चंद्रभूषण बादल, मुख्य प्रवक्ता राजेश खरे समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मंचासीन थे। यहां रावण के पुतले का दहन के साथ ही आकर्षक आतिशबाजी भी की गई। करीब तीन घंटे तक आयोजन चलता रहा।
बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे
बिट्टन मार्केट में दशहरा उत्सव को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई थीं। दर्शकों के बैठने के साथ ही सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाएं भी की गईं। आतिशबाजी के बाद पुतलों का दहन किया गया।
आतंक के प्रतीक हमास रूपी रावण का दहन
कोलार रोड स्थित सिद्धी सैफ्रन सिटी में आतंक के प्रतीक के तौर पर हमास रूपी रावण का दहन किया गया। इस रावण को सोसाइटी के बच्चों और बड़ों ने मिलकर बनाया था। सोसायटी के सचिव रोहित यादव ने बताया, हमास ने इजराइल पर हमला कर एक नए युद्ध का आगाज किया है। हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हम भी पड़ोसी देश के आतंकवाद का लंबे अरसे से सामना कर रहे हैं। पूरी दुनिया में इस समय आतंकवाद के खिलाफ माहौल बना हुआ है। इस संकट की घड़ी में हम बेगुनाह लोगों की हत्या के खिलाफ एकजुट हैं। इसी को प्रदर्शित करने के लिए हमने हमारे कैम्पस में आतंकवाद के प्रतीक हमास रूपी रावण का दहन किया।