आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल मध्य विधानसभा सीट पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। भाजपा प्रत्याशी ध्रुव नारायण सिंह ने विधायक और कांग्रेस के प्रत्याशी आरिफ मसूद पर बैंक का लोन अदा ना करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि विधायक स्टेट बैंक के 34 लाख 10 हजार रुपए के डिफॉल्टर हैं। SBI की अशोका गार्डन ब्रांच से उन्होंने लोन लिया था, जो अभी तक चुकाया नहीं हैं। जबकि, करोड़ों की संपत्ति चुनाव आयोग में घोषित कर रहे हैं। उधर, आरिफ मसूद ने जवाब देते हुए कहा कि उन्हें किसी के किसी आरोप पर जवाब नहीं देना। जनता चुनाव में जवाब देगी।
जनता का पैसा खाकर लग्जरी लाइफ जी रहे कांग्रेस प्रत्याशी
ध्रुवनारायण सिंह ने कहा, ‘ये पैसा इस देश की जनता का पैसा है। फिर भी कांग्रेस प्रत्याशी छाती चौड़ी कर महंगी-महंगी गाड़ियों में घूम रहे हैं। लग्जरी जीवन जी रहे हैं। यही नहीं करोड़ों की संपत्ति घोषित कर रहे हैं।’
ध्रुवनारायण सिंह ने बैंक का लेटर दिखाते हुए कहा, ‘मैं ये पत्र दिखा रहा हूं। इन्होंने अपनी पत्नी को भी 31 लाख 28 हजार 200 रुपए का गिफ्ट दिया हुआ है। कुल मिलाकर 65 लाख रुपए से ज्यादा के ये बैंक के डिफॉल्टर हैं। इन्होंने इसका डिक्लेरेशन भी नहीं किया और यह पैसा खाकर बैठे हुए हैं।
मैं पूछना चाहता हूं कि क्या इनको आगे जनता के पास जाना चाहिए? गरीब जनता की सेवा करने की जो बात ये कर रहे हैं, ये खुद 65 लाख खाकर बैठे हैं। इन्होंने जब खुद जनता के पैसे चुराए हैं, जो जमा नहीं कर रहे हैं तो क्या इनको अधिकार है जनता से वोट मांगने का।’
5 सालों में कोई काम नहीं हुआ, भ्रम फैला रहे कांग्रेस विधायक
ध्रुव नारायण सिंह ने कहा, ‘मध्य विधानसभा में पिछले 5 सालों में कोई काम नहीं हुआ। ये लोग बस बोर्ड लगवाते हैं, कहीं दो पत्थर गाड़ दिए, कहीं कुछ लिख दिया, कहीं कुछ कर दिया, ये लोग बस अपना बोर्ड लगवाते हैं, जिसमें लिखा होता है कि उनके प्रयास से फलां-फलां काम हुए। ये जनता का मजाक उड़ाते हैं, इनको लगता है कि इन्होंने बहुत बड़ा तीर मारा है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है।’
आगे कहा, ‘ये जहां जाते हैं बस एक ही बात करते हैं कि बीजेपी बस्ती उजाड़ देगी। यहां से हटा देगी। मुसलमानों से कहते हैं कि आपको देश निकाला दे देगी। वे भ्रमित करके वोट लेना चाहते हैं लेकिन जनता समझदार है इनके झांसे में नहीं आएगी।’
मसूद बोले- जनता 2018 जैसा फैसला इस बार भी देगी
ध्रुवनारायण सिंह के आरोपों पर कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा, ‘मुझे किसी के किसी आरोप पर जवाब नहीं देना। जनता चुनाव में जवाब देगी। जनता ने 2018 में जो फैसला दिया था वैसा ही फैसला जनता इस बार भी करेगी।’