आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बिट्टन मार्केट स्थित महालक्ष्मी मंदिर (कोल्हापुर के महालक्ष्मी मंदिर की प्रतिकीर्ति) की झांकी में पहुंचे भोपाल मध्य क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ध्रुवनारायण सिंह ने श्री राम रसोई में जाकर दर्शनार्थियों से बात की। इस झांकी की स्थापना 2006 से जय मां वैष्णो दुर्गा उत्सव समिति कर रही है। समिति में हाट बाजार के व्यापारी हैं, जो हर साल झांकी के लिए राशि का इंतजाम करते हैं। इस बार झांकी 70 लाख रुपये से अधिक में तैयार हुई है।
झांकी के संयोजक हरिओम खटीक ने बताया कि महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में स्थित इस मंदिर में माता महालक्ष्मी विराजमान हैं। माना जाता है कि इस मंदिर का निर्माण चालुक्य शासक कर्णदेव ने 7वीं शताब्दी कराया था। फिर 9वीं शताब्दी में शिलहार यादव नामक शासक ने मंदिर का पुनर्निर्माण कराया। खटीक बताते हैं कि समिति के सदस्यों से परामर्श कर इस मंदिर की झांकी स्थापित की गई है। वे कहते हैं कि हम हर साल देश के किसी प्रसिद्ध मंदिर या ऐतिहासिक स्थल की प्रतिकीर्ति स्थापित करते हैं। खटीक ने बताया कि ध्रुवनारायण सिंह ने झांकी का भ्रमण किया। झांकी में विराजमान श्री गणेश, मां दुर्गा का पूजन किया और दर्शनार्थियों से बात भी की।