सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 2026 के अवसर पर भोपाल डाक संभाग द्वारा भोपाल जीपीओ, भोपाल में विशेष विरूपण मोहर जारी किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि आर. एस. रघुवंशी, निदेशक डाक सेवाएं, मुख्यालय परिक्षेत्र, भोपाल, शिवांसु कुमार प्रवर अधीक्षक डाकघर, भोपाल संभाग, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, फिलाटेलिस्ट तथा बड़ी संख्या में उपस्थित जनसाधारण की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस प्रत्येक वर्ष 8 सितंबर को मनाया जाता है। वर्ष 2026 में इस दिवस का 60वाँ वर्ष मनाया जा रहा है। यह दिवस सभी के लिए साक्षरता के महत्व को रेखांकित करता है तथा शिक्षा, समानता, समावेशन और सतत विकास को बढ़ावा देने का संदेश देता है।

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस 2026 की थीम (लोगों, पृथ्वी और समृद्धि के लिए साक्षरता) है। इस थीम का प्रमुख उद्देश्य यह संदेश देना है कि साक्षरता केवल पढ़ने और लिखने की क्षमता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को बेहतर अवसर प्राप्त करने, समाज में सक्रिय भागीदारी करने तथा अधिक समावेशी और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में सक्षम बनाती है।

इस अवसर पर जारी विशेष कैंसिलेशन केचेट साक्षरता के महत्व और इसके व्यापक सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यह आयोजन शिक्षा एवं साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ डाक विभाग की फिलाटेली परंपरा को भी समृद्ध करता है।

डाक विभाग में विरूपण मोहर एक प्रकार का डाक चिह्न है, जिसका उपयोग डाक टिकट अथवा डाक सामग्री पर किया जाता है। इसका प्रमुख उद्देश्य डाक टिकट को विरूपित करना होता है, ताकि उसका पुनः उपयोग न किया जा सके। सामान्य विरूपण में डाकघर का नाम तथा तारीख आदि अंकित होते हैं, जबकि विशेष अथवा चित्रात्मक कैंसिलेशन किसी विशेष दिवस, कार्यक्रम, स्मारक, ऐतिहासिक घटना अथवा महत्वपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में जारी किया जाता है।

विशेष विरूपण अपने विशिष्ट एवं आकर्षक स्वरूप के कारण डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के लिए विशेष महत्व रखता है। यह किसी महत्वपूर्ण दिवस या अवसर की स्मृति को संरक्षित करने के साथ-साथ भावी पीढ़ियों के लिए उस घटना का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बन जाता है।

अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जारी यह विशेष विरूपण मोहर “साक्षरता सबके लिए” के संदेश को सुदृढ़ करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को शिक्षा, समानता, समावेशन और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #षरत #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #2026 #अवसर