आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत और न्यूजीलैंड के बीच धर्मशाला में खेले जाने वाले क्रिकेट मैच से एक दिन पहले मौसम विभाग के अलर्ट ने टेंशन बढ़ा दी है। शनिवार दोपहर तक धर्मशाला में मौसम साफ रहा और सुबह से ही धूप खिली रही मगर मौसम विभाग ने दोपहर बाद हिमाचल के कई हिस्सों में बरसात का पूर्वानुमान जताया है।

शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार दोपहर दो बजे के बाद प्रदेश के कई इलाकों में 5 से 10 मिलीमीटर बारिश हो सकती है। IMD शिमला के मौसम वैज्ञानिक बूईं लाल ने बताया कि प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) सक्रिय हो रहा है। इसकी वजह से 22 अक्टूबर को धर्मशाला में भी मौसम बदल सकता है।

इस बीच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के पदाधिकारी शनिवार को धर्मशाला में स्थानीय देवता इंद्रू नाग के दरबार में जाकर मैच के दौरान बारिश न हो, इसके लिए प्रार्थना और पूजा करेंगे।

धर्मशाला में रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच डे-एंड-नाइट मैच होना है। यह मैच दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा। अगर मौसम बदलता है तो टॉस की बड़ी भूमिका रहेगी। बरसात होने की सूरत में गेंदबाजों को पिच से अतिरिक्त मदद मिल सकती है।

IMD की टूरिस्टों के लिए एडवाइजरी

IMD के वैज्ञानिकों ने वेस्टर्न डिस्टरबेंस को एक्टिव होते देखकर धर्मशाला समेत प्रदेश के तमाम एरिया में आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए अलर्ट और एडवाइजरी जारी की है। इसमें खराब मौसम के दौरान अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने और अपने साथ गर्म कपड़े कैरी करने की सलाह दी गई है। हिमाचल के कई ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी की वजह से तापमान काफी गिर गया है। इक्का-दुक्का जगह पारा जमाव बिंदु के आसपास पहुंच गया है। सुबह-शाम ठंड भी काफी बढ़ गई है।

कुकुमसेरी का पारा माइनस में

शुक्रवार रात को लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। केलांग का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री, मनाली का 5.6 डिग्री, कल्पा का 2.8 डिग्री, नारकंडा 6.3 डिग्री, कुफरी 8.5 डिग्री, रिकोंगपियो 5.9 डिग्री और सराहां का तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश-बर्फबारी के बाद तापमान में और गिरावट हो सकती है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से चोटियों पर बर्फबारी

वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने के बाद हिमाचल के ऊंचाई वाली कई चोटियों पर शनिवार-रविवार को हल्की बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान है। शनिवार दोपहर भी हिमाचल के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान नॉर्मल से कम दर्ज किया गया। नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 3.7 डिग्री की गिरावट पालमपुर के तापमान में दर्ज की गई।