आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महादेव बेटिंग ऐप को लेकर बड़ा खुलासा हुआ। इनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ED) ने 2 नवंबर को असीम दास नाम के एक व्यक्ति को अरेस्ट किया। उसके पास से 5.39 करोड़ रुपए बरामद किए गए।

इन रुपयों को लेकर बीजेपी ने दावा किया कि, ये पैसे कांग्रेस को चुनाव खर्च के लिए भेजे जाने वाले थे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस कर कांग्रेस से इसके बारे में सवाल भी पूछे।

भाजपा का आरोप – सत्ता में रहकर सट्टा का खेल कर रही कांगेस

स्मृति ईरानी ने कहा- असीम दास ने अपने स्टेटमेंट में ये माना है कि वो दुबई से आदेशानुसार रायपुर आया और उसे आदेश मिला था कि कांग्रेस के चुनाव खर्च के लिए पैसा दिया जाए।

असीम दास ने ये माना कि महादेव एप के इललीगल बेटिंग ऐप का पैसा है। साथ ही उसने यह भी कबूल किया कि उसे पैसे भेजने का आदेश शुभम सोनी ने दिया जो महादेव ऑनलाइन एप के टॉप लेवल मैनेजमेंट में शामिल हैं।

स्मृति ने आगे कहा- शुभम सोनी ने अपने एक लिखित बयान में कहा है कि महादेव एप के प्रमोटर्स ने अब तक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपये रिश्वत दी है।

लेकिन ये एकमात्र ऐसी जानकारी नहीं है, बल्कि एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। महादेव ऑनलाइन बुक एप के प्रमोटर्स प्रशासन और कांग्रेस के नेताओं से जो संरक्षण चाहते थे, वो चंद्रभूषण वर्मा नाम के एक अधिकारी के माध्यम से भी प्रोटेक्शन मनी भेजते थे। चंद्रभूषण वर्मा ने अब तक 65 करोड़ रुपये के तौर पर हैंडल किए हैं।

कांग्रेस का जवाब- ED भाजपा की इलेक्शन डिपार्टमेंट बन गई

स्मृति ईरानी के आरोपों के बाद दिल्ली में कांग्रेस के तीन बड़े नेताओं केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और अभिषेक मनु सिंघवी ने भी प्रेस कांफ्रेस करते हुए ED को भाजपा का हथियार बताया।

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा- सभी जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में BJP बुरी हार की तरफ आगे बढ़ रही है। इसी के साथ BJP का ED के साथ गठबंधन भी बड़ी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

छत्तीसगढ़ पुलिस महादेव ऐप मामले में जांच शुरू कर देती है, बहुत सारी चीजें जब्त कर लेती है। लेकिन उसके डेढ़ साल बाद, ठीक चुनाव के समय, मोदी सरकार के निर्देश पर ED इस मामले के बीच कूद जाती है। और फिर छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों पर प्रताड़ना का दौर शुरू होता है।

अब महादेव बेटिंग ऐप केस को समझिए…

असीम दास 7 दिन की ED की रिमांड पर

महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप और उसके प्रमोटरों की ED मनी लॉन्ड्रिंग रोधी कानून के तहत जांच कर रही है। असीम दास और उसके साथी कॉन्स्टेबल भीम सिंह यादव को रायपुर की विशेष अदालत में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें 7 दिन की ED की रिमांड पर भेज दिया है। अब अगली सुनवाई 10 नवंबर को होगी।