आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश के ग्वालियर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। वह अलग अंदाज में नजर आए हैं। विधानसभा इलाके में घूमते हुए भाजपा प्रत्याशी तोमर ने जमीन पर बैठकर एक घर के सामने खाना खाया है। इसके बाद आशीर्वाद के रूप में एक रुपया भी लिया है।

प्रद्युम्न सिंह तोमर लगातार अपने इलाके में मेहनत कर रहे हैं। उनके अलग अंदाज के सोशल मीडिया पर खूब चर्चे हो रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस द्वारा जारी वचनपत्र को झूठ पत्र बताया है, उन्होंने कहा पहले भी बहुत कुछ कहा था लेकिन किया क्या सब जानते हैं।

घर-घर मांगकर खा रहे रोटी

भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 में जनसंपर्क किया, सामान्य आदत के मुताबिक जनसंपर्क के दौरान उन्होंने एक घर का दरवाजा खटखटाया और भूख लगने का हवाला देते हुए रोटी सब्जी मांगी। ये घर था प्रजापति मोहल्ला में रहने वाली त्रिवेणी बाथम का था।

मंत्री ने चुनाव में सहयोग के लिए मांगा एक रुपया

ऊर्जा मंत्री ने इस साल भी पिछले चुनाव की तरह क्षेत्र की जनता से आशीर्वाद स्वरुप 1 रुपया मांगना शुरू कर दिया है। उन्होंने त्रिवेणी बाथम से खाना खाने के बाद 1 रुपया लिया और कहा कि बहन का 1 रुपया मेरे लिए कीमती है ये आशीर्वाद है और चुनाव में सहयोग भी।

कांग्रेस के तंज पर बोले भाजपा प्रत्याशी

भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर के एक रुपया मांगे जाने पर फंड की कमी का तंज कसने वाली कांग्रेस को जवाब देते हुए भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि कांग्रेस क्या कहती है इसकी फ़िक्र मैं नहीं करता। मैं सेवक हूं, सेवा और विकास में विश्वास करता है। कांग्रेस की सूची के बाद कमल नाथ और दिग्विजय समर्थकों के बीच के विवाद पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है ये मैं पहले भी कह चुका हूँ।

कांग्रेस के चुनाव वचन पत्र को ऊर्जा मंत्री ने कहा झूठ पत्र

कांग्रेस द्वारा जारी किये गए अपने वचन पत्र और उसमें की गई घोषणाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने वचन पत्र को झूठ पत्र कहा। उन्होंने कहा कि पहले भी बहुत वादे किए थे, बेरोजगारी भत्ता, किसान कर्ज माफ़ी, क्या हुआ सब जानते हैं , अब जब सरकार ही नहीं आयेगी तो उड़न खटोले में बैठकर दिल्ली चले जायेंगे जनता से टाटा बाय बाय कर लेंगे।