आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पंजाब के बठिंडा में काउंटर इंटेलिजेंस ने पाकिस्तान बेस्ड आतंकी मॉड्यूल से जुड़े 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस टेरर मॉड्यूल को पाक खुफिया एजेंसी ISI कंट्रोल कर रही है। पकड़े गए आरोपियों से 8 पिस्टल, 9 मैगजीन और 30 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
शुरूआती पूछताछ में पता चला है कि वह किसी धार्मिक नेता की टारगेट किलिंग करने वाले थे। तीनों संगरूर जेल में UAPA केस में बंद गैंगस्टरों के टच में थे। पंजाब DGP गौरव यादव ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस इनके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक तलाश रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
चोरी की कार में घूमते वक्त पकड़े
जानकारी के मुताबिक काउंटर इंटेलिजेंस की टीम को सूचना मिली थी कि राज भूपिंदर सिंह उर्फ भिंदा वासी ढिख जिला बठिंडा, रमन कुमार रमनी वासी गुरुहरसहाय जिला फिरोजपुर और जगजीत सिंह टैना वासी ढिलवा खुर्द जिला फरीदकोट चोरी की ऑल्टो कार में घूम रहे हैं। वह गोबिंदपुरा से बठिंडा आ रहे हैं। जिसके बाद काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने गोबिंदपुरा नहर के पास नाकाबंदी कर दी। जहां से ऑल्टो कार को घेरकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
3 गैंगस्टरों के टच में थे आरोपी, UP और MP से खरीदे अवैध हथियार
शुरूआती पूछताछ में पता चला कि तीनों आरोपी संगरूर की जेल में बंद गैंगस्टर कुलविंदर सिंह किंदा खानपुरिया, हरचरण सिंह दिल्ली और सुल्तान सिंह अमृतसर के टच में थे। इनके इशारे पर ही वह किसी धार्मिक नेता को मारने वाले थे।
फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है ताकि उनकी पूरी प्लानिंग का पता चल सके। पुलिस को शक है कि इन्हीं गैंगस्टरों के जरिए वह पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल से जुड़े और वारदात के लिए राजी हुए।
तीनों आरोपियों और जेल में बंद तीनों गैंगस्टरों के खिलाफ बठिंडा के थाना कैंट में चोरी और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि उनसे बरामद हुए हथियार उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से खरीदे गए थे।