वाशिंगटन । स्पेनिश फुटबॉल क्लब बार्सिलोना अब यूरोपा लीग से भी बाहर हो गयी है। स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी के क्लब छोड़ने के बाद से ही बार्सिलोना का खराब दौर शुरु हो गया था जो समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा। चैंपियन्स लीग से बाहर होने के बाद बार्सिलोना दूसरी श्रेणी के यूरोपा लीग के क्वार्टर फाइनल में ही हार गया। उसे जर्मनी के फ्रैंकफर्ट क्लब ने 3-2 से हराकर 4-3 के कुल योग के साथ ही यूरोपा लीग के सेमीफाइनल में जगह बनायी।
इस बार बार्सिलोना को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था पर इस हार के कारण उसका दूसरे स्तर के क्लब टूर्नामेंट को जीतने का सपना भी टूट गया। वहीं फ्रैंकफर्ट अब सेमीफाइनल में वेस्ट हैम से खेलेगा। प्रीमियर लीग के इस क्लब ने लियोन को कुल 4-1 के स्कोर से हराकर साल 1976 के बाद पहली बार किसी यूरोपीय प्रतियोगिता के अंतिम चार में प्रवेश किया है।
इससे पहले क्रिस्टोफर एनकुंकु के दो गोलों से लिपजिग ने अटलांटा को 2-0 से हराकर पहली बार यूरोपीय प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश किया जहां उसका मुकाबला रेंजर्स से होगा।