आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदौर के चंदन नगर की बंद दवा फैक्ट्री में चोरी के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस को बताया गया था कि फैक्ट्री में डकैती डालने आए थे, लेकिन पुलिस की जांच में वहां काम करने वाले गार्ड ने ही पूरा षडयंत्र रचा था। हालांकि पुलिस ने अधिकृत रूप से इस मामले में कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्र बताते हैं कि पुलिस पूरे मामले का जल्द ही खुलासा कर देगी।
पुलिस के अफसरों का कहना है कि पूरी प्लानिंग के साथ यहां से कबाड़ की चोरी की जा रही थी। रुपए के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और मारपीट करने वाले युवकों को फंसाने के लिये डकैती को लेकर कहानी गढ़ी गई। बंद दवा फैक्ट्री प्लेथिको के गार्ड ने रविवार को डकैतों से संघर्ष और हवाई फायर की शिकायत की थी। उस मामले में वहां मौजूद गार्ड के मोबाइल डिटेल में लास्ट कॉल ने पुलिस का संदेह बढ़ा दिया। गार्ड से पूछताछ की गई तो वह उसका साथी का ही निकला।
चंदन नगर इलाके के ग्राम कलारिया में बंद पड़ी प्लेथिको फार्मा कंपनी में चोरी को लेकर डकैती डालने की शिकायत पुलिस से की गई थी। इसमें सुरक्षा गार्डों पर हवाई फायर कर बदमाश अपने औजार और सामान चुराकर ले गए। इस मामले में रविवार सुबह 5 बजे बाद से पुलिस को जब सूचना मिली तो अफसर करीब 1 बजे तक फार्मा कंपनी में डटे रहे।
जिसमें जंगल के बीच बनी कंपनी को लेकर गार्ड से फायर करने वाली जगह ओर अन्य बातों को लेकर पूछताछ की गई। इधर क्राइम ब्रांच भी इस मामले में मौके पर पहुंची। जिसमें एक गार्ड के पास आए एक ही नंबर से दो बार के कॉल ने संदेह की शुरूआत की।
महू में जाकर बंद हुई मोबाइल की लोकेशन
पुलिस काे पता चला कि महू में जाकर उक्त नंबर बंद हो गया। लेकिन इस नंबर से फार्मा कंपनी के गार्ड को ही दो बार कॉल किया गया। दो दिन पहले भी दोनों नंबरों के बीच रात में ही बात हुई थी। जब गार्ड से उक्त नंबर की पूछताछ की तो वह टालने लगा। बाद में पता चला कि साथी चोरों ने कॉल कर कहा था कि वहां से हट जाना वह चोरी की वारदात को अंजाम देंगे। इसके बाद पूरी वारदात की गई।
ना ही खोल मिले ना ही फुटेज
पुलिस ने यहां डॉग स्क्वॉड को भेजा था। उन्हें यहां बदमाशों के चप्पल मिले थे। क्राइम ब्रांच की टीम फुटेज देखते हुए एक पेट्रोल पंप पर पहुंची। लेकिन यहां भी कैमरे बंद मिले। इसके बाद पुलिस की टीम पूरे इलाके में आसपास गोली की खोल ओर अन्य औजार व सामान ढूंढती रही। लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। बताया जाता है कि पूर्व में हुई चोरी के बंटवारे को लेकर उनकी कहासुनी हुई। इसके बाद पूरी कहानी रची गई। अफसर इस मामले में जल्द खुलासा करेंगे।