आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बिहार के लखीसराय में सोमवार सुबह छठ का अर्घ्य देकर लौट रहे परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। परिवार के लोग पूजा करने के बाद घाट से घर लौट रहे थे। घर से थोड़ी ही दूरी पर 6 लोगों को गोली मारी गई है।

फायरिंग में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं बहन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान शशि भूषण के बेटे चंदन कुमार और राजनंदन कुमार के रूप में हुई है। बेटी दुर्गा कुमारी की पटना में मौत हुई।

घायलों में दो बहू लवली कुमारी, प्रीति कुमारी, और पिता शशि भूषण कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को बेगूसराय सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है।

घटना जिले के कवैया थाना इलाके के पंजाबी मोहल्ला की है। प्रेम-प्रसंग में मृतकों के घर के सामने ही रहने वाले आशीष चौधरी ने गोली मारी है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है। वहीं पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल जब्त कर ली है।

लड़की की भाभी ने बताया कि पहले से ही इन दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग था। इसी को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है। आशीष चौधरी मेरी ननद से जबरदस्ती शादी करना चाहता था।

घटना के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे हैं।

आरोपी आशीष लड़की के घर के सामने ही रहता है।

दुर्गा से शादी करना चाहता था आशीष-एसपी

एसपी पंकज कुमार ने बताया कि पंजाबी मोहल्ला में एक ही परिवार के 6 से 7 लोग छठ घाट से लौट रहे हैं। गोलीबारी करने वाले युवक की पहचान पंजाबी मोहल्ला स्थित वार्ड नंबर 15 निवासी दुर्गा चौधरी के बेटे आशीष चौधरी के रूप में हुई है। जो पीड़ित परिवार के घर के पास ही रहता था। 6 लोगों को गोली लगी है। तीन साल से आरोपी का प्रेम प्रसंग मृतक पक्ष की लड़की (दुर्गा) से चल रहा था। आरोपी दुर्गा से शादी करना चाहता था,लेकिन लड़की के घर वाले नहीं मान रहे थे।

10 दिन पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस लगातार आरोपी को गिरफ्तार के लिए छापेमारी कर रही है।

गोलीबारी कांड के विरोध में भाजपाइयों ने कबैया थाने का घेराव किया है। लॉ-एंड-ऑर्डर को लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस से शव को कबैया थाने पर लाकर के मुख्य गेट पर रखकर भाजपा के कार्यकर्ता धरना पर बैठे हैं।

फायरिंग के बाद की तस्वीरें देखिए..

बिहार में सत्तापोषित नरसंहार चल रहा है: बीजेपी

लखीसराय में हुए गोलीकांड पर बिहार में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा जब से गठबंधन की सरकार आई है पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट भी गलत आती है। और थाना प्रभारी खुलकर अपराधियों के पक्ष में खड़े रहते हैं। सरकार इसकी उच्च स्तरीय जांच करवाए और जिन पदाधिकारियों के क्षेत्र में इस तरह की घटना हुई, उसे तुरंत वहां से हटाया जाए। बिहार में सत्तापोषित नरसंहार चल रहा है। सत्ता में बैठे लोग खुलकर नरसंहार कर रहे हैं और प्रशासन अपराधियों को बचाने का खेल-खेल रहा है।

बदमाशों ने तीन लोगों को मारी गोली…घायल:वैशाली में पटाखा फोड़ने को लेकर हुआ था विवाद, छठ घाट से लौटते ही दिया वारदात को अंजाम

वैशाली में रविवार शाम पटाखा जलाने को लेकर दो पक्ष में मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष की तरफ से अंधाधुंध फायरिंग कर दी गई। जिसमें तीन लोगों को गोली लगी है। तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए है। मामला वैशाली थाना क्षेत्र के अमृतपर बेलका गांव की है। तीनों घायल को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया। जहां से बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।