आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश के सबसे अमीर शख्स और बिजनेसमैन मुकेश अंबानी को धमकी भरे ई-मेल भेजने के आरोप में एक शख्स को तेलंगाना से गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र की गामदेवी पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान गणेश रमेश वनपारधी के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया और 8 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मुकेश अंबानी को 27 अक्टूबर से 1 नवंबर तक जान से मारने की धमकी भरे पांच ई-मेल भेजे गए थे। इसमें 400 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। पुलिस ने बताया था कि सभी धमकियां एक ही मेल ID से मिली हैं।

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों का लगाया बम डिफ्यूज करने के दौरान फटा, एक जवान घायल

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बम डिफ्यूज करने के दौरान एक CRPF जवान घायल हो गया। CRPF के अधिकारी ने बताया कि CRPF की 85 बटालियन का जवान प्रशांत भुईया नक्सलियों के लगाए बम को डिफ्यूज कर रहा था। इसी समय अचानक से बम ब्लास्ट हो गया और जवान घायल हो गया। इसके बाद घायल जवान के लिए हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

तमिलनाडु में लगातार दूसरे दिन इनकम टैक्स का छापा, दिवंगत DMK नेता के रिश्तेदारों के घर सर्च

तमिलनाडु में शनिवार को भी इनकम टैक्स ने रेड जारी रखी। IT टीम करूर और तिरुवन्नामलाई जिले में छापा मारने पहुंची। जांच एजेंसी ने दिवंगत DMK नेता वासुगी मुरुगेसन की बहन पद्मा के घर और गांधीपुरम इलाके में बिजनेसमैन सुरेश के ऑफिस और केवीपी नगर में उनके घर पर छानबीन की। इससे पहले शुक्रवार को इनकम टैक्स विभाग ने तमिलनाडु के मंत्री और राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री ईवी वेलु से जुड़े स्थानों पर छापा मारा था।

मध्यप्रदेश के भोपाल में ट्रक ने मजदूरों को कुचला; तीन की मौत, एक गंभीर घायल

भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी एक रात ट्रक ने तीन मजदूरों को कुचल दिया। दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तीसरे की मौत शनिवार सुबह इलाज के दौरान हुई। एक अन्य मजदूर गंभीर घायल है।

गोविंदपुरा थाना प्रभारी जितेंद्र पाठक ने बताया कि शनिवार देर रात 12.15 बजे मजदूर फैक्ट्री से काम करके लौट रहे थे। एक ट्रक उन्हें चपेट में लेते हुए निकल गया। अमजद और हसीम नाम के मजदूर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल दो अन्य मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पाकिस्तान के मियांवाली एयरफोर्स बेस पर आतंकी हमला; TJP ने ली जिम्मेदारी

पाकिस्तान के मियांवाली एयरफोर्स बेस पर शनिवार सुबह एक आतंकी हमला होने की खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरबेस के पास गोलियों और धमाके की तेज आवाजें सुनाई दीं। कई आत्मघाती हमलावरों सहित भारी हथियारों से लैस कई जिहादियों ने हमला किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तहरीक-ए- जिहाद पाकिस्तान (TJP) ने हमले की जिम्मेदारी ली है।