आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पीएम नरेंद्र मोदी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। सोमवार सुबह अंबाजी मंदिर में पावड़ी पूजा के बाद उन्होंने मेहसाणा जिले के खेरालू में करीब 5941 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम सोमवार सुबह 9.30 बजे अहमदाबाद पहुंचे थे। अहमदाबाद एयरपोर्ट से ही वे बनासकांठा के अंबाजी मंदिर के लिए रवाना हो गए थे।

पीएम के आगमन के लिए अंबाजी के पास चिखला गांव में चार हेलीपैड बनाए गए थे। यहां से उनका काफिला मंदिर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान उनके स्वागत के लिए सड़कों पर भारी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्होंने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया।

देश हित में लिए जा रहे हैं बड़े-बड़े फैसले पीएम ने दाभोदा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- गुजरात और देश के विकास के लिए गुजरातियों का बहुत आभार मानता हूं। भारत के चांद पर पहुंचने और जी-20 के चलते आज दुनिया भर में भारत के विकास की चर्चा हो रही है।

जी-20 में दुनिया के बड़े-बड़े नेता भारत के कोने-कोने में गए और देश के लोगों की संकल्प शक्ति देखकर चकित रह गए। आज पूरे देश में इन्फ्रास्ट्रक्चर हो रहा, जिसका कई साल पहले तक नामो-निशान भी नहीं था। आज देश में विकास के बड़े-बड़े काम हो रहे हैं। देश हित में बड़े-बड़े फैसले लिए जा रहे हैं।

अंबाजी में पीएम के स्वागत की तस्वीरें…

उत्तर गुजरात की तस्वीर बदल चुकी है

उत्तर गुजरात के विकास की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा- एक समय उत्तर गुजरात में सूखा था। यहां की माता-बहनों को दिन-दिन भर पीने के पानी के लिए भी मीलों तक का सफर तय करना पड़ता था। लेकिन आज यहां घर-घर में नल है। आज यहां के लोगों के लिए सिर्फ पीने के लिए ही नही, बल्कि सिंचाई के लिए भी चौबीसों घंटे पानी है। एक समय यहां से सिर्फ दूध का ही व्यापार होता था, लेकिन आज यहां के खेत भी लहलहा रहे हैं। देश भर में यहां से कपास, अनाज और सब्जियां भेजी जा रही हैं।

बनासकांठा में बन रहा है मेगा फूड पार्क

इतना ही नहीं, कई दुग्ध डेयरी के डेवलपमेंट के चलते अब यहां के लोगों को दूध ही नहीं, गोबर तक से कमाई होने लगी है। कोरोना काल में जिस तरह आपको कोरोना में मुफ्त वैक्सीन दी गई। आज वैसे ही पशुओं का भी मुफ्त टीकाकरण किया जा रहा है। यहां की विकसि डेयरियों को देखने दूर-दूर से लोग आ रहे हैं। अब बनासकांठा में एक मेगा फूड पार्क का भी निर्माण कार्य चल रहा है।

पीएम मोदी का 2 दिवसीय गुजरात दौरा

30 अक्टूबर

दोपहर 3 बजे गांधीनगर पहुंचेंगे

शाम 4 बजे के बाद राजभवन में सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक

रात 8 बजे मौदड़ी मंडल की बैठक

गांधीनगर राजभवन में रात्रि विश्राम

31 अक्टूबर

सुबह 6:45 बजे गांधीनगर से केवड़िया

सुबह 8 बजे केवड़िया पहुंचेंगे और परेड में शामिल होंगे

दोपहर 1 बजे वडोदरा पहुंचेंगे और दिल्ली के लिए रवाना होंगे

केवडिया में मनाया जाएगा राष्ट्रीय एकता दिवस

31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंति पर पीएम मोदी नर्मदा जिला के केवडिया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे, जिसके बाद राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह मनाया जाएगा। एकता दिवस की परेड में BSF और विभिन्न राज्य पुलिस के मार्च दस्ते भी शामिल होंगे।