मुंबई । दिल्ली कैपिटल्स टीम के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने कहा है कि टीम में ऑलराउंडरों का होना सबसे जरुरी रहता है। शार्दुल के अनुसार जब किसी एक क्षेत्र का विशेषज्ञ खिलाड़ी विफल होता है तो ऐसे समय में ऑलराउंडर उस कमी को पूरा कर देते हैं। शार्दुल स्वयं भी एक ऑलराउंडर हैं।

उनके अलावा कैपिटल्स टीम में मिशेल मार्श, अक्षर पटेल, ललित यादव और मनदीप सिंह जैसे कई ऑलराउंडर मौजूद हैं। ठाकुर ने कहा, ‘हमारी बल्लेबाजी में काफी गहराई है। जिस टीम में जितने अधिक ऑलराउंडर होंगे, टी20 में उसके लिए जीतना आसान रहेगा।’

उन्होंने कहा, ‘अगर आप शीर्ष क्रम में शुरुआत में ही विकेट खो देते हैं तो छठे, सातवें और आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों की भूमिका और अहम हो जाती है।’ इस आईपीएल में अब तक बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन करने वाले इस खिलाड़ी ने कहा कि उनकी नजरें प्रत्येक मैच में बेहतर प्रदर्शन पर लगी हैं। साथ ही कहा, ‘टीम के अंदर का माहौल काफी अच्छा है। टीम में काफी युवा खिलाड़ी हैं और पिछले कुछ समय से साथ खेलने के कारण सभी में अच्छा तालमेल भी है। मैं प्रत्येक मैच में प्रभाव छोड़ना चाहता हूं और यही कारण है कि मैं काफी ऊर्जा के साथ खेलता हूं।’ दिल्ली की टीम अभी अंक तालिका में छठे स्थान पर चल रही है। टीम ने चार में से दो मैच जीते हैं जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है।