सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ‘अजमेर में साबरमती-आगरा कैंट (12548) ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गई। इससे साबरमती एक्सप्रेस के इंजन और 4 कोच पटरी से उतर गए। इस हादसे में तीन यात्री घायल हो गए। घटना के समय पैसेंजर गहरी नींद में सो रहे थे। रविवार रात 1:04 बजे अचानक से धमाका हुआ। ट्रेन यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। उधर, दुर्घटना के बाद छह ट्रेनें रद्द की गई हैं और दो का रूट बदला गया है।
लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया
रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने बताया- अजमेर रेलवे जंक्शन से करीब 7 किलोमीटर आगे मदार रेलवे स्टेशन के पास हादसा हुआ है। साबरमती एक्सप्रेस को रेड सिग्नल पर रुकना था। लेकिन, नहीं रोकी गई। वह थोड़ी आगे आ गई। इस वजह से ट्रैक पर आगे चल रही मालगाड़ी से टकरा गई। दोनों ट्रेनों की रफ्तार कम थी। मालगाड़ी के पिछले हिस्से से एक्सप्रेस ट्रेन के आगे का हिस्सा टकरा गया। इससे पहले ही लोको पायलट ने खतरे को भांप लिया था। उसने इमरजेंसी ब्रेक भी लगा दिए थे। इसलिए बड़ा हादसा टल गया।
एडीआरएम बलदेवराम ने बताया- इंजन और चार जनरल कोच पटरी से उतर गए। रेलवे ने अजमेर जंक्शन पर हेल्प डेस्क बनाया है। हेल्पलाइन नंबर 0145-2429642 जारी किया गया है।
ये ट्रेनें कैंसिल हुई हैं…
गाड़ी संख्या 12065, अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला दिनांक 18.03.24 को रद्द।
गाड़ी संख्या 22987, अजमेर-आगरा फोर्ट दिनांक 18.03.24 को रद्द।
गाड़ी संख्या 09605, अजमेर-गंगापुर सिटी दिनांक 18.03.24 को रद्द।
गाड़ी संख्या 09639, अजमेर-रेवाडी दिनांक 18.03.24 को रद्द।
गाड़ी संख्या 19735, जयपुर-मारवाड दिनांक 18.03.24 को रद्द।
गाड़ी संख्या 19736, मारवाड़-जयपुर दिनांक 18.03.24 को रद्द।
इन ट्रेनों का रूट बदला है…
- गाड़ी संख्या 12915, साबरमती-दिल्ली रेल सेवा परिवर्तित मार्ग वाया दोराई-मदार (अजमेर को छोड़कर)
- गाड़ी संख्या 17020, हैदराबाद-हिसार रेल सेवा परिवर्तित मार्ग वाया आदर्श नगर-मदार (अजमेर को छोड़कर)
राइट टाइम निकली थी ट्रेन
एडीआरएम बलदेवराम ने बताया कि ट्रेन अहमदाबाद के साबरमती से राइट टाइम निकली थी। संभवत: मालगाड़ी से कुछ हुआ है। लेकिन अभी कारण सामने नहीं आया है। जिस ट्रैक पर एक्सप्रेस ट्रेन डिरेल हुई है, बगल के ट्रैक पर मालगाड़ी थी। यात्रियों को अजमेर रेलवे स्टेशन भेजा गया है। इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर पश्चिम रेलवे कैप्टन शशिकिरण ने बताया- ट्रैक रेस्टोरेशन का काम किया जा रहा है। डाउन लाइन पर ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है।