सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: एम्स भोपाल के सेंटर आफ एक्सीलेंस फॉर रेयर डिजीज और बाल्य रोग विभाग द्वारा रेयर डिजीज डे मनाया गया। इस वर्ष की थीम है “दी ज़ीब्रा”। इस अवसर पर एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर अजय सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम हमें परिसर के बाहर जाकर आयोजित करने चाहिए विशेष रूप से कॉलेज में जहां पर भविष्य के होने वाले माता-पिता पढ़ते हैं और उनमें इस तरह की जागरूकता की ज्यादा आवश्यकता है। प्रोफेसर सिंह ने कहा कि हमें दुर्लभ बीमारी से ग्रस्त बच्चों के इलाज में ऑक्यूपेशनल थेरेपी को भी शामिल करना चाहिए। हमें केवल बच्चों के जीवन को ही बेहतर नहीं बनाना है बल्कि उन्हें स्वावलंबी भी बनाना है।
इससे पूर्व उपस्थिति का स्वागत बाल्य रोग विभागकी प्रमुख डॉ. शिखा मलिक ने किया। उन्होंने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम पूरे महीने भर चलाए गए और इस दौरान विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया जिसमें वाद विवाद, पोस्टर बनाना, स्लोगन इत्यादि शामिल थे। इसके अलावा दुर्लभ बीमारियों से ग्रस्त बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
साथ ही इन बच्चों के अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यदि हम डॉक्टर पर भरोसा करें तो निश्चित रूप से दुर्लभ बीमारियों से ग्रसित बच्चों को एक अच्छा जीवन प्रदान कर पाएंगे।