आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: AIADMK के नेता एम थंबीदुरई ने कहा- पूरा देश PM मोदी का घर है। वे अगले साल फिर से लाल किले पर तिरंगा फहराएंगे। दरअसल 15 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से कहा कि वे अगले साल फिर से तिरंगा फहराएंगे। इस पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि PM मोदी अपने घर में ध्वजारोहण करेंगे।

थंबीदुरई बुधवार को पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देने दिल्ली आए थे। वहीं उन्होंने खड़गे के बयान पर पलटवार किया। बीजेपी ने पूर्व पीएम की पांचवीं पुण्यतिथि के मौके पर पहली बार NDA गठबंधन के सभी सहयोगी दलों को आमंत्रित किया था। बिहार के पूर्व CM जीतन राम मांझी, NCP (अजित गुट) नेता प्रफ्फुल पटेल सहित अन्य लोग भी पहुंचे थे।

लाल किले पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में खड़गे नहीं पहुंचे थे

स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले पर ध्वजारोहण कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल नहीं हुए थे। उनकी खाली कुर्सी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे खराब तबीयत का हवाला दिया।

PM मोदी के भाषण पर खड़गे ने कहा था- हर इंसान कहता है कि हम अगले साल जीतकर फिर वापस आएंगे, लेकिन हार और जीत तो जनता के हाथ में है। 2023 में ये कहना कि हम 2024 में लौटकर आएंगे, ये अहंकार है। अगर वे स्वतंत्रता दिवस पर भी विपक्ष को लेकर ऐसे बयान देंगे तो आप देश का निर्माण कैसे करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…

अटल बिहारी वाजपेयी की पांचवीं पुण्यतिथि पर PM नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज पांचवीं पुण्यतिथि है। PM नरेंद्र मोदी ने सदैव अटल स्मृति स्थल पर वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम नेता उपस्थित रहे। सभी ने पूर्व PM को नमन किया।

PM ने लाल किले से 10वीं बार तिरंगा फहराया, देश को 3 गारंटी दीं

प्रधानमंत्री ने लाल किले पर 10वीं बार झंडा फहराने के बाद अपने संबोधन में देशवासियों को बधाई दी। PM ने मणिपुर हिंसा और रिफॉर्म्स पर बात की। उन्होंने अपनी सरकार के 10 सालों के काम का हिसाब दिया। साथ ही राजनीति से तीन बुराइयों परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण से मुक्ति की अपील भी की। PM ने देशवासियों को 3 गारंटी भी दीं।