मुंबई । अरबपति कारोबारी गौतम अडानी के समूह ने दूरसंचार स्पेक्ट्रम हासिल करने की तैयारी कर ली है। समूह ने कहा कि वह दूरसंचार स्पेक्ट्रम का इस्तेमाल हवाई अड्डों से लेकर अपने व्यवसायों का समर्थन करने के लिए एक निजी नेटवर्क के रूप में करेगा। समूह ने कहा ‎कि भारत इस नीलामी के जरिए अगली पीढ़ी की 5जी सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रहा है और हम खुली बोली प्रक्रिया में भाग लेने वाले कई आवेदनों में से एक हैं।

इसके लिए अडानी समूह का सीधा मुकाबला मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो और दूरसंचार क्षेत्र के दिग्गज सुनील भारती मित्तल की एयरटेल के साथ होगा। बयान में कहा गया है ‎कि हम हवाई अड्डों, बंदरगाहों और लॉजिस्टिक, बिजली उत्पादन, पारेषण, वितरण और विभिन्न विनिर्माण कार्यों में बढ़ी हुई साइबर सुरक्षा के साथ ही निजी नेटवर्क समाधान मुहैया कराने के लिए 5जी स्पेक्ट्रम नीलामी में भाग ले रहे हैं।

अडानी समूह ने अपने डेटा सेंटर के लिए स्पेक्ट्रम का उपयोग करने की योजना बनाई है और साथ ही वह एक सुपर ऐप भी बना रहा है, जो उसके बिजली वितरण से लेकर हवाई अड्डों, गैस की खुदरा बिक्री से लेकर बंदरगाहों तक के व्यवसायों का समर्थन करेगा।