आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान में हार्ट अटैक से मारा गया खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स (KLF) के आतंकी लखबीर सिंह रोडे का साथी अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। परमजीत सिंह डाडी श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर इंग्लैंड भागने की फिराक में था।
पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सैल (SSOC) को इसकी सूचना मिल गई। SSOC ने टीम बनाकर परमजीत डाडी को एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।
ISYF के लिए इकट्ठा करता था फंड
परमजीत सिंह डाडी भारत द्वारा प्रतिबंधित संगठन इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन (ISYF) के साथ जुड़ा हुआ था। यह वही संगठन है जिसे लखबीर रोडे लीड करता था। परमजीत इस संगठन के लिए फंड व अन्य जरूरी सहायता प्रदान करता था।
इतना ही नहीं, परमजीत डाडी ने भारत आने के बाद कई आतंकी गतिविधियों की प्लानिंग भी की और राज्य की शांति भंग करने के लिए भी प्लानिंग की। जिसे लेकर पंजाब की खुफिया एजेंसियां परमजीत डाडी से पूछताछ कर रही हैं।
2 दिसंबर को हार्ट अटैक से हुई रोडे की मौत
भारत के मोस्ट वांटेड खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह रोडे (72) की पाकिस्तान 2 दिसंबर को मौत हो गई। वह प्रतिबंधित संगठन खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन का प्रमुख था। रोडे जरनैल सिंह भिंडरांवाले का सगा भतीजा था। अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार जसबीर सिंह रोडे ने उसकी मौत की पुष्टि की।
भारत सरकार ने लखबीर सिंह रोडे को UAPA के तहत आतंकी घोषित किया था। जिसके बाद वह पाकिस्तान भाग गया था। 2021 में पंजाब के लुधियाना कोर्ट में हुए ब्लास्ट में भी आतंकी लखबीर सिंह रोडे का नाम सामने आया था।