आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा कैंडिडेट की पांचवीं सूची आज जारी हो सकती है। दिल्ली में शुक्रवार देर रात तक चली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में 94 सीटों पर मंथन किया गया। इनमें से 92 पर नाम लगभग तय हैं। इनमें हारी हुई सीटों के साथ ही मौजूदा विधायकों की सीटें भी शामिल हैं। दो सीट गुना और विदिशा होल्ड की जा सकती हैं।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पीएम नरेंद्र मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। मध्यप्रदेश के उम्मीदवारों की पांचवीं सूची पर चर्चा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सह प्रभारी व केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय समेत अन्य नेता शामिल हुए।
इन मंत्रियों की सीट पर आज फैसला संभव
शिवराज सरकार के 9 मंत्रियों की सीट पर टिकट का ऐलान होना बाकी है। इसमें मंत्री उषा ठाकुर, इंदर सिंह परमार, गौरीशंकर बिसेन, ओपीएस भदौरिया, रामखेलावन पटेल, सुरेश धाकड़, बृजेंद्र सिंह यादव और महेंद्र सिंह सिसोदिया का टिकट होल्ड रखा है। वहीं, यशोधरा राजे सिंधिया ने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव लड़ने से मना कर दिया है।
कुछ मंत्रियों के कट सकते हैं टिकट
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कुछ मंत्रियों के टिकट अंतिम दौर में काटे जा सकते हैं। इनकी संख्या 5 तक हो सकती है। इसका कारण सर्वे रिपोर्ट में उनकी परफॉर्मेंस ठीक नहीं होना बताया जा रहा है। यह बात भी चर्चा में है कि दो मंत्रियों की स्थिति ठीक नहीं होने के बावजूद टिकट मिल सकता है, क्योंकि उनके विकल्प के तौर पर अच्छे कैंडिडेट नहीं मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण के चलते फंसने वाली सीटों को छोड़कर बाकी सीटों के प्रत्याशियों के नाम पार्टी जारी कर देगी।
4 सूची जारी कर चुकी है भाजपा
भाजपा ने अब तक चार सूची जारी कर 136 कैंडिडेट के नामों का ऐलान कर दिया है। बचे 94 नामों की सूची एक साथ या दो बार में जारी हो सकती है। अब तक जारी हुई सूची में 3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को पार्टी ने विधानसभा चुनाव में उतारा है जबकि सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत 25 मंत्रियों को पार्टी ने टिकट दिए हैं।
MP में बीजेपी ने जारी की 39 प्रत्याशियों की सूची:कांग्रेस के कब्जे वाली सीटों पर ऐलान
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी ने अपने 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब बीजेपी ने चुनाव की घोषणा से पहले उम्मीदवारों का ऐलान किया है। ये सभी वो सीटें हैं जहां वर्तमान में कांग्रेस का कब्जा है। इनमें भी ज्यादातर वो सीटें हैं, जहां बीजेपी लगातार दो या तीन बार से चुनाव हार रही है। पूरी खबर पढ़ें
MP में BJP की 39 नामों की दूसरी लिस्ट जारी:3 केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को दिया टिकट
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर BJP ने केंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट जारी की है। इसमें 39 उम्मीदवारों के नाम हैं। खास बात ये है कि इस लिस्ट में तीन केंद्रीय मंत्रियों समेत 7 सांसदों को टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्रियों में मुरैना की दिमनी सीट से नरेंद्र सिंह तोमर, नरसिंहपुर से प्रह्लाद पटेल और निवास से फग्गन सिंह कुलस्ते को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं BJP महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को इंदौर विधानसभा क्रमांक 1 से टिकट दिया गया है। पूरी खबर पढ़ें
बीजेपी की तीसरी लिस्ट में सिंगल कैंडिडेट:गोंडवाना पार्टी से आई मोनिका को अमरवाड़ा से टिकट
मध्यप्रदेश में बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के लिए सिंगल प्रत्याशी की तीसरी लिस्ट जारी की है। इसमें छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा सीट से मोनिका बट्टी को प्रत्याशी बनाया गया है। मोनिका बट्टी एक हफ्ते पहले 19 सितंबर को अखिल भारतीय गोंडवाना गणतंत्र पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुई थीं। उनके पिता इसी सीट से विधायक रह चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें
MP में BJP की 57 नामों की चौथी लिस्ट जारी:24 मंत्रियों समेत सभी मौजूदा विधायकों को टिकट
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने के 4 घंटे बाद बीजेपी ने कैंडिडेट्स की चौथी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 57 प्रत्याशियों का ऐलान किया गया है। खास बात ये है कि इस सूची में 24 मंत्रियों समेत सभी मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है। बुधनी से सीएम शिवराज सिंह चौहान चुनाव लड़ेंगे।