आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में 71 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति ने बुधवार दोपहर सुपारी देकर पत्नी की हत्या करवा दी। मृतका की शिनाख्त पूजा गुप्ता (35) के रूप में हुई है। पूजा ने अपने दोगुनी उम्र के सीए एसके गुप्ता (71) से शादी की थी। एसके गुप्ता का पहली पत्नी से एक अशक्त बेटा था। इसी के देखभाल के लिए उन्होंने दूसरी शादी की थी।
राजौरी गार्डन थाना इलाके के सुभाष नगर में 35 साल की महिला की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज और फोन कॉल्स से पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि महिला को उनके 71 साल के पति और 45 साल के सौतेले बेटे ने ही दो सुपारी किलर की मदद से मरवाया था। पति, सौतेले बेटे और दोनों सुपारी किलर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। चारों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
बेटे के लिए ही की थी दूसरी शादी
एसके गुप्ता पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। पिछले साल फरवरी में बीमारी के चलते उनकी पहली पत्नी का निधन हो गया था। करीब पांच साल पहले एक हादसे में छोटे बेटे की भी मौत हो गई थी। बेटी की शादी हो चुकी है। वहीं, बड़ा बेटा दिव्यांग है। उसी की देखभाल के लिए एसके गुप्ता ने करीब 6 महीने पहले ही अपने से आधी उम्र की पूजा से शादी की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही गुप्ता समझ गए थे कि पूजा ने पैसों और प्रॉपर्टी के लालच में ही उनसे शादी की थी।
बेटे को परेशान करने लगी थी पूजा
पुलिस पूछताछ में आरोपी एसके गुप्ता ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पूजा उनके बेटे को तरह-तरह से परेशान करने लगी थी। उसने साफ कह दिया था कि वह बेटे की देखभाल नहीं कर सकती। इतना ही नहीं, उसने बेटे की देखभाल के लिए एक करोड़ रुपए की मांग की। पैसे न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रही थी। इसी से तंग आकर उन्होंने पत्नी की हत्या करवा दी।
10 लाख में हुई थी डील
वेस्ट दिल्ली के डीसीपी घनश्याम बंसल ने बताया कि एसके गुप्ता, उनका 45 साल का बेटा अमित और दो सुपारी किलर विपिन सेठी उर्फ काका और हिमांशु उर्फ बाली हैं। दोनों तिलक नगर इलाके के रहने वाले हैं। आरोपियों ने बताया कि पूजा की हत्या की प्लानिंग करीब 15 दिन पहले ही कर ली गई थी। पूरी डील 10 लाख रुपये में तय हुई थी। इसके लिए विपिन और हिमांशु को एडवांस में ढाई लाख रुपए भी दे दिए गए थे।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
तय योजना के तहत 17 मई की दोपहर को गुप्ता किसी काम के बहाने घर से बाहर चले गए। मौका पाते ही दोपहर को दोनों सुपारी किलर घर में घुसे और चाकुओं के ताबड़तोड़ 10-12 वार कर पूजा की हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को लूट की वारदात दिखाने के लिए घर का सामान भी बिखेर दिया था। दोपहर करीब 1:15 बजे घर में मेड आई तो पूजा का शव देखा तो पड़ोसियों को जानकारी दी। एसके गुप्ता को भी फोन पर ही जानकारी दी गई थी।