आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : 6 दिसंबर पर मथुरा में हाई-अलर्ट है। पुलिस ने 53 हिंदूवादी नेताओं को पाबंद और 30 को नजरबंद किया है। इसके अलावा हिंदूवादी नेता दिनेश शर्मा सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया है। दरअसल, वो श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह दीपदान करने जा रहे थे। मगर जन्मभूमि से 150 मीटर पहले पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

प्रशासन ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह के आस-पास 1450 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात किए हैं। इसमें 1350 पुलिस कर्मी और 168 पुलिस अधिकारी हैं। पूरे शहर की ड्रोन से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा खुफिया एजेंसी को भी अलर्ट कर दिया गया है। IB और LIU की टीम होटल गेस्ट हाउस के साथ-साथ मथुरा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर नजर रख रही हैं। उधर, पुलिस ने जमुना शर्मा, मिस गुप्ता, राजेश पाठक, कन्हैया लाल ब्रजवासी और एक अन्य को हिरासत में ले लिया है।

दरअसल, सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने ऐलान किया था कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह में दीपदान करेंगे। इसके अलावा अखिल भारत हिंदू महासभा ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मूल गर्भगृह में जलाभिषेक करने का ऐलान किया था। हिंदूवादी नेताओं का कहना है कि अयोध्या में आज ही दिन राम मंदिर मुक्त हुआ था। इसलिए अब हम श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराएंगे।

दिनेश शर्मा ने सीएम को लिखी थी खून से चिट्‌ठी

दिनेश शर्मा ने खून से मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखी थी। उन्होंने कहा- हमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में 6 दिसंबर को दीपदान की परमिशन दे। प्रशासन कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहा है। पदाधिकारियों को नजरबंद किया जा रहा है। अगर भाजपा सरकार में कान्हा के दरबार में पूजा-अर्चना नहीं कर सकते, तो सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकार में तो सोच भी नहीं सकते।

HC ने दो और याचिकाओं पर फैसला रिजर्व किया

इलाहाबाद हाईकोर्ट में 4 दिसंबर को श्रीकृष्ण जन्मस्थान शाही ईदगाह से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई की। कोर्ट ने दो और याचिकाओं पर सुनवाई पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित किया है। वकील महेंद्र प्रताप सिंह ने कोर्ट में दलीलें पेश की। ऐतिहासिक दस्तावेज पेश करते हुए कहा था कि औरंगजेब ने 1670 में कृष्ण जन्मभूमि को तहस नहस कर दिया था।

विग्रह को आगरा ले जाकर जामा मस्जिद की सीढ़ियों के नीचे दबा दिया था। वकील ने कोर्ट कमिश्नर भेजे जाने और आर्कियोलॉजिकल सर्वे आफ इंडिया से सर्वे कराए जाने की मांग की। कोर्ट कमिश्नर ने मौके पर जाकर वीडियो ग्राफी और फोटोग्राफी कराए जाने की मांग की गई है। मामले में अगली सुनवाई 18 दिसंबर को होगी।

पीएम मोदी ने मीराबाई की 525वीं जयंती पर जारी किया था सिक्का

पीएम मोदी ने 23 नवंबर को मीराबाई की 525वीं जयंती पर मथुरा पहुंचे थे। उन्होंने संत मीराबाई की 525वीं जयंती पर मीराबाई के नाम से एक डाक टिकट और 525 रुपए का सिक्का भी जारी किया था। उन्होंने कहा था, काशी, महाकाल, केदार और अयोध्या हो गया। अब मथुरा ब्रज क्षेत्र भी विकास में पीछे नहीं रहेंगे। मथुरा तो श्यामा-श्याम का धाम है।