आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल की सात विधानसभा सीटों में कुल 42 प्रत्याशियों ने अब तक नामांकन फॉर्म भरा है। इनमें सबसे अमीर नरेला से कांग्रेस प्रत्याशी मनोज शुक्ला हैं। शपथपत्र के मुताबिक मनोज के पास कुल 56.75 करोड़ की संपत्ति है। उनके सामने नरेला से विश्वास सारंग हैं, जिनके पास 5.38 करोड़ की संपत्ति है। भोपाल के भाजपा प्रत्याशियों में सबसे अमीर ध्रुव नारायण सिंह हैं। उनके पास कुल 47.93 करोड़ की चल व अचल संपत्ति है। इसके बाद गोविंदपुरा से भाजपा की कृष्णा गौर तीसरे नंबर की अमीर प्रत्याशी हैं।
उनके पास 10 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। 21 अक्टूबर से शुरू हुए नामांकन के बाद से अब तक भोपाल में भाजपा और कांग्रेस के 11 प्रत्याशियों के साथ कुल 42 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। दैनिक भास्कर ने भोपाल के सभी प्रत्याशियों के शपथ पत्रों को खंगाला तो पता चला कि कांग्रेस और भाजपा के 11 में से 10 प्रत्याशी करोड़पति हैं। हुजूर से कांग्रेस प्रत्याशी नरेश ज्ञानचंदानी करोड़पतियों की सूची से बाहर हैं। उनके पास कुल 34.32 लाख रुपए की ही संपत्ति है।
ज्ञानचंदानी के पास सबसे कम प्रॉपर्टी
भोपाल मध्य के उम्मीदवार ध्रुव नारायण सिंह के पास अरेरा कॉलोनी में एक मकान, एमपी नगर में 3 प्रॉपर्टी, कुल 42 एकड़ जमीनें हैं। हुजूर से कांग्रेस प्रत्याशी नरेश ज्ञानचंदानी के पास सबसे कम अचल संपत्ति है। उनके नाम पर संजीवन नगर में 20 लाख रु. का एक मकान ही है।
आतिफ के पास 6 गाड़ियां
भोपाल उत्तर से कांग्रेस प्रत्याशी आतिफ अकील के पास 2 ट्रैक्टर, 2 जीप, 1 कार, 1 स्कूटर और 2 बाइक हैं। विश्वास सारंग के नाम पर कोई चार पहिया वाहन नहीं है। कृष्णा गौर के पास एक होंडा सिटी और एक एमजी हैक्टर प्लस है।पीसी शर्मा के पास इनोवा, स्काॅर्पियो हैं।
ध्रुवनारायण के पास 12 बोर की गन:
भाजपा के ध्रुवनारायण सिंह के पास 12 बोर की गन और पत्नी के नाम राइफल है। कांग्रेस के अरिफ मसूद के पास प्वाइंट 32 पिस्टल और एक 12 बोर डबल बैरल बंदूक है। विश्वास सारंग को 3.5 लाख रु. कीमती लाइसेंसी रिवाल्वर उपहार में मिली है।