आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दीपावली पर दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई। सोमवार (13 नवंबर) को दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 900 के ऊपर चल गया। सुबह 6 बजे के करीब जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में AQI 910, लाजपत नगर में 959 और करोल बाग में 779 दर्ज किया गया।

रविवार (12 नवंबर) को दिल्ली में AQI 202 रिकॉर्ड किया गया था। दिल्ली में दीपावली के दिन 7 साल बाद हवा सबसे साफ थी। इससे पहले साल 2022 में दीपावली पर दिल्ली में AQI 312, 2021 में 382, ​​2020 में 414, 2019 में 337, 2018 में 281, 2017 में 319 और 2016 में 431 दर्ज किया गया था।

दिल्ली में 9 और 10 नवंबर को बारिश के बाद प्रदूषण करीब 50 फीसदी कम हो गया था। 11-12 नवंबर को दिल्ली में AQI 250 से कम था। हालांकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद दीपावली पर जमकर आतिशबाजी हुई, जिससे 23 घंटे में प्रदूषण बढ़ गया। पटाखों के धुएं से दिल्ली में काली धुंध छा गई है।

सरकार ने मॉर्निंग वॉक-एक्सरसाइज से बचने की सलाह दी

दिल्ली सरकार ने दीपावली के बाद प्रदूषण बढ़ने के कारण लोगों को मॉर्निंग-इवनिंग वॉक, दौर या किसी तरह के फिजिकल एक्सरसाइज ना करने की सलाह दी है। दिल्ली हेल्थ डिपार्टमेंट ने 11 नवंबर एडवाइजरी जारी की थी।इसमें लोगों से पटाखे ना जलाने की अपील की गई थी। इसके अलावा मच्छर भगाने वाली कॉइल या अगरबत्ती ना जलाने के लिए भी कहा गया था।

दिल्ली में दीपावली पर आग लगने की 100 घटनाएं हुई

दीपावली की रात दिल्ली में आग लगने की करीब 100 घटनाएं दर्ज की गईं। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के चीफ अतुल गर्ग ने बताया कि रविवार (13 नवंबर) शाम 6 बजे से रात 10.45 बजे के बीच आग लगने की घटनाओं को लेकर 100 कॉल रिकॉर्ड की गईं। रात भर दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम अलर्ट मोड पर रही।

प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने ये कदम उठाए…

दिल्ली से बाहर रजिस्टर्ड ओला-उबर सहित ऐप बेस्ड दूसरी टैक्सियों की एंट्री पर बैन है। राज्य में सिर्फ दिल्ली रजिस्टर्ड ऐप बेस्ड टैक्सियां की चलाने की अनुमति है।

दिल्ली में कंस्ट्रक्शन पर पाबंदी है। सड़क, हाईवे, फ्लाइओवर, ओवर ब्रिज, पावर ट्रांसमिशन, पाइपलाइन समेत सभी तरह के डेवलपमेंट गतिविधियों पर भी रोक है।

जरूरी सामान ला रहे डीजल ट्रकों और LNG, CNG, इलेक्ट्रिक ट्रकों को छोड़कर सभी ट्रकों की एंट्री बंद है। BS-3 कैटेगरी वाले पेट्रोल और BS-4 कैटेगरी वाले डीजल वाहन भी प्रतिबंधित है।

दिल्ली में पटाखों पर बैन है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दीपावली के बाद वर्ल्ड कप मैच और छठ के दौरान भी दिल्ली पुलिस को निगरानी रखने का निर्देश दिया है।

दिल्ली में प्रदूषण के कारण स्कूलों में 9 से 18 नवंबर तक सर्दी की छुट्टियां कर दी गई हैं। हर साल दिसंबर-जनवरी के बीच स्कूलों में विंटर वेकेशन होता था।

दिल्ली सरकार के मंत्रियों को प्रदूषण के खिलाफ ग्राउंड लेवल पर काम करने को कहा गया है। सभी मंत्री दिल्ली के अलग-अलग जिलों में निगरानी करेंगे।

बारिश का असर कम हुआ तो आर्टिफिशियल बारिश होगी

दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए केजरीवाल सरकार ने 21-22 नवंबर को दिल्ली में पहली बार कृत्रिम बारिश यानी आर्टिफिशियल बारिश का प्लान तैयार किया है। इसके लिए पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने 8 नवंबर को IIT कानपुर के वैज्ञानिकों के साथ बैठक की थी। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में 9-10 नवंबर को हुई बारिश का असर कम हुआ तो आर्टिफिशियल बारिश कराने पर भी विचार होगा।

दिल्ली सरकार ने कहा कि आर्टिफिशियल बारिश का पूरा खर्च केजरीवाल सरकार वहन करेगी। अगर केंद्र, दिल्ली सरकार के फैसले को सपोर्ट करता है तो पहली कृत्रिम बारिश 20 नवंबर तक कराई जा सकती है। हालांकि, IIT कानपुर के प्रोफेसर मणींद्र अग्रवाल ने कल कहा था कि आर्टिफिशियल बारिश का असर सिर्फ दो हफ्तों तक रहता है। प्रदूषण कम करने के लिए यह स्थायी तरीका नहीं है।