आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आगामी 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए आम आदमी पार्टी ने BJP पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। रविवार को दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने कहा- भाजपा 2014 और 2019 में ऐतिहासिक वोटों से जीती, वे चाहते तो देश में प्रगति कर सकते थे मगर फेल हुए।

ऐसे में अगले साल होने वाले चुनावों में हमें एक साथ आकर भाजपा को हराना है। 2024 में BJP को सत्ता से हटाना सबसे बड़ी देशभक्ति होगी। पहले लोग कहते थे भाजपा के अलावा कोई विकल्प नहीं हैं लेकिन अब INDIA गठबंधन पर सबकी नजर बनी हुई है।

केजरीवाल बोले- INDIA बचा रहा तो 2024 में BJP की सरकार नहीं बनेगी

आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने दिल्ली में पार्टी स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए आगे कहा, जब से INDIA अलायंस बना है, मुझे लोगों से कई मैसेज मिले हैं कि अगर INDIA गठबंधन बचा रहा तो 2024 में BJP की सरकार नहीं बनेगी।

आप के राष्ट्रीय संयोजक ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर गठबंधन के लिए समर्थन जुटाने का आह्वान किया, लेकिन साथ ही उन्हें विपक्षी समर्थकों से टकराव से बचने के लिए भी कहा।

केजरीवाल बोले- मेरी सलाह है कि अंधभक्तों से बहस न करें, देशभक्तों से बात करें। 2024 का लोकसभा चुनाव देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। अगर ये लोग अगले पांच साल के लिए वापस आए, तो वे देश को पूरी तरह से नष्ट कर देंगे।

BJP ने जो फैसले लिए, किसी को समझ नहीं आए

BJP के फैसलों की आलोचना करते हुए केरजीवाल बोले- केंद्र सरकार ने अपने कार्यकाल में जो फैसले लिए हैं, किसी को समझ नहीं आ रहा कि वे क्यों लिए हैं।

2016 में नोटबंदी के कारण भारत की अर्थव्यवस्था कम से कम 10 साल पीछे चली गई। लोगों की नौकरियां, व्यवसाय और कारखाने बंद हो गए।

केजरीवाल ने BJP सरकार द्वारा लाए गए GST की भी आलोचना की और इसे इतना जटिल बताया कि कोई इसे समझ ही नहीं पाता।

दिल्ली CM का केंद्रीय एजेंसियों पर निशाना, मोदी सरकार के इशारे पर काम

दिल्ली CM ने आगे केंद्रीय एजेंसियों पर आरोप लगाते हुए कहा ये मोदी सरकार के इशारे पर काम कर रही हैं। भाजपा ने ED और CBI को कई बड़े बिजनेसमैन के पीछे लगा दिया है।

पिछले कुछ सालों में 12 लाख अमीर व्यक्तियों और व्यापारियों ने अपनी भारतीय नागरिकता छोड़ दी और विदेशी नागरिकता हासिल कर ली। यह बहुत गंभीर मामला है।

BJP में गुंडे शामिल, महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले उनकी पार्टी में

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा उन सभी के लिए शरणस्थली है जो किसी भी तरह के गलत काम में शामिल हैं। उन्होंने कहा, “अगर चोरी या उत्पीड़न में शामिल कोई भी व्यक्ति उनकी पार्टी में शामिल होता है, तो कोई भी जांच एजेंसी उन्हें छूने की हिम्मत नहीं करती।

गुंडे और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले, सभी उनकी पार्टी में हैं। दिल्ली के CM ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार आज देश के सामने सबसे बड़े मुद्दे हैं।

I.N.D.I.A गठबंधन में AAP सहित 26 पार्टियां शामिल

अरविंद केजरीवाल जिस I.N.D.I.A गठबंधन की बात कर रहे हैं उसमें 26 दल शामिल हैं। इसमें कांग्रेस, TMC, DMK, आप, JDU, RJD, JMM, NCP (शरद गुट), शिवसेना (उद्वव गुट), SP, NC, PDP, CPM, CPI, RLD, MDMK, KMDK, VCK, RSP, CPI-ML (लिबरेशन), फॉरवर्ड ब्लॉक, IUML, केरल कांग्रेस (जोसेफ), केरल कांग्रेस (मणि), अपना दल (कामेरावादी) और MMK शामिल हैं।