आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी भोपाल स्थित भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) में 2000 के नोट बदलवाने का सिलसिला जारी है। प्रदेश में आरबीआई का एकमात्र रीजनल ऑफिस भोपाल में है, इसलिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। सुबह से ही आरबीआई के बाहर भीड़ देखने को मिल रही है। दूसरे राज्यों से भी लोग नोट डिपॉजिट/एक्सचेंज करवाने आ रहे हैं।
लाइन में खड़े लोगों ने बताया कि नोट बदलवाने के लिए गेट से टोकन दिया जा रहा है। अंदर सिक्योरिटी चेकिंग के बाद फॉर्म भरना पड़ता है। काउंटर पर आधार कार्ड की फोटोकॉपी मांगी जा रही है। पूरी प्रोसेस में डेढ़ से दो घंटे लग रहे हैं। अधिकतर लोगों का कहना है कि घरों में रखे नोट दिवाली की सफाई में मिले हैं, जिन्हें बदलने आए हैं। हालांकि, कुछ लोग जानकारी का अभाव होने से अब नोट बदलने पहुंचे रहे हैं।
350 किमी दूर से नोट बदलवाने पहुंचे दंपती
छतरपुर के ग्राम सतई के रहने वाले लक्ष्मी प्रसाद साहू पत्नी विमला साहू के साथ गुरुवार को आरबीआई ऑफिस पहुंचे। लक्ष्मी प्रसाद ने बताया कि वो करीब 350 किलोमीटर दूर से 2000 के नोट चेंज करवाने भोपाल आए हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे घर से निकले। गुरुवार सुबह 10 बजे से पहले ही यहां आ गए थे।
उनका कहना है कि वो गांव से 3 किलोमीटर दूर खेत पर रहते हैं। नोट सर्कुलेशन बंद होने की जानकारी नहीं मिल पाई थी। इसी वजह से बैंक में नोट नहीं बदलवा पाए। बाद में पता चला कि नोट केवल भोपाल आरबीआई कार्यालय में ही जमा हो सकते हैं। नोट बदलने में करीब 2 घंटे का समय लग गया।
प्रयागराज के संदीप नोट बदलवाने पहुंचे
संदीप सिन्हा प्रयागराज, उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश घूमने आए थे। उज्जैन के बाद वो भोपाल आए। उन्होंने बताया कि उनके पास 2000 के कुछ नोट थे, जिनको बदलने के लिए गुरुवार सुबह आरबीआई कार्यालय पहुंच गए। संदीप सिन्हा खुद बैंक के कर्मचारी हैं। उन्होंने सरकार और आरबीआई से गुजारिश की कि कुछ दिन के लिए बैंकों में नोट बदलने के लिए विंडो खोल देनी चाहिए। कम से कम एक हफ्ते के लिए लोगों को नोट बदलने का समय देना चाहिए। पहले जानकारी नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में लोग नोट नहीं बदल पाए हैं।
वहीं, ब्यावरा से नोट बदलने पहुंचे सतनाम ने बताया कि घर में सफाई के दौरान उन्हें 2000 रुपए के नोट मिले। बैंक वालों ने नोट बदलने से मना कर दिया, जिस वजह से भोपाल आना पड़ा। बैंक से जानकारी मिली कि नोट बदलने के लिए आरबीआई ऑफिस भोपाल जाना होगा। इसके अलावा, आगर मालवा जिले के सुसनेर के सद्दाम ने बताया कि वो करीब 200 किलोमीटर की यात्रा करके नोट बदलने पहुंचे हैं।
अब नोट बदलने का प्रोसेस जानिए
आरबीआई भोपाल के मुताबिक नोट बदलने के समय सुबह 10 बजे से दोपहर ढाई बजे तक है। 2000 रुपए के नोट बदलने के लिए दो काउंटर बनाए गए हैं। काउंटर नंबर एक पर एक व्यक्ति 20 हजार यानी 10 नोट बदल सकता है। इसके लिए आधार कार्ड या अन्य फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य है।
वहीं, 20 हजार रुपए से अधिक की राशि जमा या बदलने के लिए काउंटर नंबर 2 बनाया गया है। यहां फोटोयुक्त पहचान पत्र के साथ पैन कार्ड या फॉर्म 60 भरना जरूरी है। साथ ही, बैंक डिटेल्स के लिए पासबुक की फोटोकॉपी लगाना अनिवार्य है। 20 हजार से अधिक की राशि वेरिफिकेशन के बाद एक सप्ताह के अंदर बैंक खाते में ट्रांसफर की जाती है। इसके अलावा, नागरिक पोस्ट के जरिए भी 2000 रुपए के नोट एक्सचेंज करवा सकते हैं।
19 मई को चलन से बाहर हुए थे नोट
भारतीय रिजर्व बैंक ने 19 मई को 2000 रुपए के नोट को सर्कुलेशन से बाहर करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद नागरिकों को इन नोटों को जमा करने या बदलने के लिए 30 सितंबर का समय दिया गया था। बाद में डेडलाइन को बढ़ाकर 7 अक्टूबर कर दिया गया।