आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को दिल्ली के सुल्तानपुरी में हुए 1984 सिख दंगों के मामले में कांग्रेस के पूर्व विधायक सज्जन कुमार को बरी कर दिया है। 1984 में दंगों के दौरान एक सिख पिता-पुत्र की जोड़ी की हत्या कर दी गई थी। भीड़ ने जसवंत सिंह और तरुण दीप सिंह को मार डाला था। सज्जन कुमार पर आरोप था कि उन्होंने भीड़ का नेतृत्व किया था। उन्होंने ही बाप-बेटी को जलाने के लिए उकसाया था।

इस मामले में कोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया है। हालांकि वो जेल में ही रहेंगे। 1984 सिख दंगों से जुड़े एक अन्य मामले में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

पूर्व एयर चीफ मार्शल अरूप राहा को राष्ट्रपति मुर्मू ने असम यूनिवर्सिटी का चांसलर नियुक्त किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व एयर चीफ मार्शल अरूप राहा (69) को असम यूनिवर्सिटी का चांसलर नियुक्त किया है। 15 सितंबर को अरूप राहा को कार्यभार सौंपा गया। वे अगले पांच साल तक इस पद पर रहेंगे। इससे पहले गीतकार-लेखक गुलजार असम यूनिवर्सिटी के चांसलर थे। बुधवार 20 सितंबर को यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रदोश किरण ने इसकी जानकारी दी। अरूप राहा ने 2013 से 2016 तक इंडियन एयर फोर्स के 21वें वायु सेना प्रमुख के रूप में सेवा दी है।

महाराष्ट्र पुलिस ने गणेश पंडाल के थीम को लेकर विजय तरुण मंडल के खिलाफ नोटिस जारी किया

महाराष्ट्र के कल्याण में विजय तरुण मंडल एक बार फिर अपने गणेश पूजा पंडाल के थीम को लेकर विवादों में है। पुलिस ने ‘लोकतंत्र खतरे में है’ थीम पर बने गणेश पंडाल को भड़काऊ बताते हुए मंडल को नोटिस जारी किया है। कल्याण के शिवसेना (उद्धव गुट) अध्यक्ष विजय साल्वी इस मंडल के हेड हैं।

पिछले साल विजय तरुण मंडल ने ‘शिवसेना में फूट’ थीम पर गणेश पंडाल सजाया था। जिसके बाद पुलिस ने मंडल के खिलाफ केस दर्ज करते हुए डेकोरेशन का सामान जब्त कर लिया था। मंडल ने पुलिस की कार्रवाई को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसके बाद मामला सुलझा था।

राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी, बरेली पुलिस ने 8 वीं के छात्र को हिरासत में लिया

अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम के मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। लखनऊ कंट्रोल रूम को 112 की कॉल पर यह धमकी दी गई। जिसके बाद लखनऊ पुलिस और अयोध्या पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पता चला कि जिस मोबाइल नंबर से कॉल की गई, वह बरेली का है।