आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हैदराबाद में आज 16 सितंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक होने वाली है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि इस बैठक में आगामी पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा होगी।

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश के मुताबिक, CWC मीटिंग में कई चरणों में चर्चा होगी। बैठक में 90 लोगों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें 84 लोग आने वाले हैं।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक से पहले तेलंगाना में सत्ताधारी बीआरएस और कांग्रेस के बीच पोस्टर वार देखने को मिला। हैदराबाद में CM के चन्द्रशेखर राव की तस्वीर के साथ ‘बुक मॉय सीएम’ और ’30 प्रतिशत कमीशन’ नारे लिखे हुए पोस्टर लगाए गए हैं।

कई जगह कांग्रेस के खिलाफ भी पोस्टर-बैनर लगे हैं। एक पोस्टर में लिखा है- 2004 से 2014 तक सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने अनुसूचित जाति कैटेगराइजेशन के नाम पर दलितों को बेवकूफ बनाया था। कांग्रेस एक बार फिर गांरटी के नाम पर ऐसा करना चाहती है।

CWC की बैठक के अगले दिन कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी

कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक के बाद रविवार 17 सितंबर को कांग्रेस एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी। 17 सितंबर को तेलंगाना दिवस भी होता है। इसको लेकर कांग्रेस ने कहा कि मोदी और तेलंगाना सरकार दोनों ही एक सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों ही भ्रष्ट हैं।

पिछले महीने 20 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने CWC का ऐलान किया था। इसके बाद ये पहली बैठक है। इसी साल के अंत में मध्य प्रदेश, छ्त्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा, छत्तीसगढ़-राजस्थान में कांग्रेस, तेलंगाना में बीआरएस और मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट-भाजपा की सरकार है।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक… किसने क्या कहा

कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ​​​​​- ये पहली बार है कि जब कई साल बाद दिल्ली के बाहर सीडब्ल्यूसी की बैठक हो रही है। जैसे ही तेलंगाना राज्य बना, लोग जानते हैं कि भारत राष्ट्रवादी समिति (बीआरएस) कैसे सत्ता में आई। तेलंगाना सरकार देश का सबसे भ्रष्ट राज्य है। यहां के लोग सरकार से परेशान हो चुके हैं। हम तेलंगाना के लोगों को 6 गारंटी देंगे। उम्मीद है कि यहां चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिलेगा।

कांग्रेस सांसद आनंद शर्मा- भारत की राजनीति में कांग्रेस की बड़ी भूमिका है। वर्किंग कमेटी की बैठक हमारे लिए देश की मौजूदा मुद्दों पर चर्चा करने और अगली लड़ाई के लिए तैयार होने का अवसर है।