आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश के कोल डैम में देर रात एक नाव कोल डैम में फंस गई थी। नाव में पांच फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के अधिकारी और पांच स्थानीय सवार थे।

NDRF की टीम ने तीन घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मंडी के DM के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार सुबह 3 बजे खत्म हुआ।

उधर उत्तराखंड के देहरादून में प्रसिद्व टपकेश्वर महादेव मंदिर का एक हिस्सा तेज बारिश में ढह गया। सोमवार को कई श्रद्वालु दर्शन करने पहुंचे थे। मंदिर जाने का रास्ता कुछ देर के लिए बंद हो गया था।

वहीं मौसम विभाग ने हिमाचल, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित देश के सात राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में 22-24 अगस्त तक तेज बारिश होगी। 21 अगस्त के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…

यहां भारी बारिश होगी: उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम।

यहां मध्यम बारिश होगी: दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, ओडिशा।

अन्य राज्यों में मौसम का हाल…

MP के भोपाल-उज्जैन में तेज बारिश; जबलपुर-ग्वालियर में भी बदला रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने सोमवार को विदिशा, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, मंदसौर, आगर-मालवा, नीमच, गुना, अशोकनगर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, सागर और छतरपुर में तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के उत्तरी हिस्से में सिस्टम एक्टिव होने से तेज बारिश हो सकती है।

छत्तीसगढ़ के तीन जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश: रायपुर सहित कई जिलों में पड़ेंगी बौछारें

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेशभर में इस सीजन में 703.3 मिलीमीटर औसत बारिश हुई है। प्रदेश के 3 जिले बीजापुर में 31, सुकमा में 23 और रायपुर में 20 फीसदी सामान्य से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।

हरियाणा में अधिकांश जिलों में 22 अगस्त तक बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तर हरियाणा के सभी 6 जिलों में भारी बारिश को लेकर वॉर्निंग दी गई है। इनमें यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र शामिल हैं। वैसे अगस्त में इस बार काफी कम बारिश हुई है।