आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल प्रदेश में बीते 48 घंटों में बारिश के चलते काफी नुकसान हुआ। मंडी में बादल फटने से 51 लोग फंस गए। NDRF की टीम ने सभी को सुरक्षित बचा लिया।
दूर-दराज इलाकों में भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर से खाने-पीने का सामान और जरूरी दवाएं पहुंचाई जा रही हैं। उधर बद्दी जिले में बारिश के चलते बालद नदी में उफान आ गया और पुल दो हिस्सों में टूट गया।
मौसम विभाग ने आज के लिए हिमाचल में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के एक-दो स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
अगले 24 घंटे कैसे रहेंगे…
यहां भारी बारिश होगी: सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर।
यहां मध्यम बारिश होगी: जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार।
अन्य राज्यों में मौसम का हाल…
मध्यप्रदेश में 5-6 सितंबर तक तेज बारिश का अनुमान नहीं, इस बार 8% बारिश कम
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो मध्यप्रदेश में 5-6 सितंबर तक तेज बारिश होने का अनुमान नहीं है। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या लोकल सिस्टम की एक्टिविटी हो सकती है। तेज बारिश नहीं होने से सामान्य बारिश का आंकड़ा लुढ़क सकता है। अभी प्रदेश में ओवरऑल बारिश का आंकड़ा 8% कम है।
छत्तीसगढ़ के तीन जिलों जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर में तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में उतार-चढ़ाव बना हुआ है और फिलहाल यही स्थिति रहने की संभावना है। प्रदेश में जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में कई जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं।