आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा के नूंह में हुई हिंसा के 5 दिन बाद राज्य सरकार का बुलडोजर एक्शन दूसरे दिन भी जारी है। शनिवार को पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी 4 बुलडोजर लेकर नूंह पहुंचे। यहां नलहड़ रोड पर 30 मकान-दुकान गिरा दी गईं। अधिकारियों का कहना है कि ये अवैध निर्माण हैं और इनमें रहने वाले 31 जुलाई की हिंसा में शामिल थे।
शुक्रवार देर रात को रोहतक में कलानौर के गांव आंवल में देर रात धर्म स्थल पर पथराव कर दिया गया। इस दौरान अंदर रहने वाले लोग बाहर नहीं निकले और पुलिस को बुलाया। यहां 10-11 युवकों ने आकर हुड़दंग मचाया और ईंटें फेंकीं। हालांकि, पुलिस तुरंत वहां पहुंची और सिक्योरिटी तैनात कर दी।
शुक्रवार को करनाल में तरावड़ी शहर की सौकड़ा पुलिया और सब्जी मंडी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने फल-सब्जियों की रेहड़ियां पलटकर हुड़दंग किया। सभी आरोपी नकाबपोश थे और रेहड़ियां विशेष समुदाय के लोगों की थी। ये देख आसपास के दुकानदारों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। इस मामले में देर रात पुलिस ने तरावड़ी के कुछ लोगों पर FIR दर्ज कर ली।
इससे पहले शुक्रवार को नूंह में ही 25 घर-दुकानों और रोहिंग्या की 250 झुग्गियों पर बुलडोजर चलाया गया था। पुलिस ने इन्हें भी अवैध कब्जा करार दिया था।
सरकार ने नूंह के SP-DC को हटाया
इसके साथ सरकार ने शुक्रवार देर शाम नूंह के DC प्रशांत पंवार को हटा दिया। उनकी जगह पर धीरेंद्र खड़ागटा को भेजा गया है। इससे पहले गुरुवार देर रात नूंह के SP वरूण सिंगला का ट्रांसफर कर दिया गया। नूंह में हिंसा के दौरान वह छुट्टी पर थे। उनकी जगह पर अब नरेंद्र बिजराणिया को नूंह का नया SP बनाया गया है।
सरकार के सूत्रों के मुताबिक नूंह में सरकार बड़े एक्शन की तैयारी में है। इसलिए इन दोनों अधिकारियों को वहां तैनात किया गया है।
4 जिलों में पैरामिलिट्री तैनात
नूंह हिंसा के चलते 4 जिलों- नूंह, पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम में हालात तनावपूर्ण हुए हैं। चारों जिलों में पैरामिलिट्री फोर्सेज की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं। नूंह, पलवल और फरीदाबाद में पूरे जिले और गुरुग्राम में मानेसर, पटौदी व सोहना में इंटरनेट 5 अगस्त यानी आज रात 12 बजे तक बंद है। राज्य के 9 जिलों में धारा 144 लागू है।
फायरिंग के वीडियो वाले बाबा सामने आए
नूंह में ब्रजमंडल यात्रा के दौरान 31 जुलाई को हुई हिंसा का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। जिसमें कहा जा रहा है कि मंदिर से भी फायरिंग की गई। अब फायरिंग करने वाले अशोक बाबा उर्फ अशोक शर्मा सामने आए हैं। बाबा फरीदाबाद में बजरंग दल के विभाग संयोजक हैं। बाबा ने कहा कि ये उनकी लाइसेंसी बंदूक है। जब दंगाई मंदिर के बिल्कुल करीब आ गए और अंदर महिलाओं व बच्चों-बुजुर्गों की जान खतरे में पड़ गई तो उन्होंने सेल्फ डिफेंस में ये फायरिंग की।