आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा की नूंह हिंसा में अब पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया है। हरियाणा पुलिस की जांच में पाकिस्तानी यूट्यूबर जीशान मुश्ताक के बारे में पता चला है। जिसने भड़काऊ पोस्टें डाली थी। इस यूट्यूबर ने अहसान मेवाती पाकिस्तानी के नाम से सोशल मीडिया अकाउंट बना रखा था।

जिसमें उसने अपनी लोकेशन राजस्थान के अलवर बताई थी हालांकि हकीकत में वह पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बैठा हुआ था। उसने मोनू मानेसर को मारने और नूंह में बवाल बचाने के लिए उकसाया था। यहां तक कि हिंसा के दिन जब जमकर आगजनी और तोड़फोड़ हो रही थी तो वह दूसरे वीडियो के साथ हिंसा के फुटेज भी जारी कर रहा था। इससे उसके नूंह में स्ट्रॉन्ग ग्राउंड कनेक्ट का शक पैदा हो गया है।

यही नहीं, उसने जिस IP एड्रेस से ये वीडियो अपलोड किए, वे पाकिस्तान एजुकेशन एवं रिसर्च नेटवर्क (PERN) के थे। इस सेंट्रलाइज्ड नेटवर्क से पाकिस्तान के एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस को इंटरनेट दिया जाता है। यह पाकिस्तान सरकार का ही हिस्सा है।

27 जुलाई को अहसान पाकिस्तानी पंजाब में सरगोधा के गांव कोट मुमीन में गया था, जहां उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया। हिंसा के बाद 1 अगस्त को वह लाहौर पहुंचा। यहां से जब उसने वीडियो अपलोड किया तो वह पाकिस्तानी पंजाब के CM सेक्रेट्रिएट से कुछ किमी की दूरी पर बिस्मिल्लाह मोंटेसरी स्कूल के क्रिकेट ग्राउंड के पास था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

नूंह में दूसरे दिन भी बुलडोजर एक्शन

नूंह में हुई हिंसा के 5 दिन बाद राज्य सरकार का बुलडोजर एक्शन दूसरे दिन भी जारी है। शनिवार को पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी 4 बुलडोजर लेकर नूंह पहुंचे। यहां नलहड़ रोड पर 30 मकान-दुकान गिरा दी गईं। अधिकारियों का कहना है कि ये अवैध निर्माण हैं और इनमें रहने वाले 31 जुलाई की हिंसा में शामिल थे। इससे पहले शुक्रवार को नूंह में ही 25 घर-दुकानों और रोहिंग्या की 250 झुग्गियों पर बुलडोजर चलाया गया था। पुलिस ने इन्हें भी अवैध कब्जा करार दिया था।

4 जिलों में इंटरनेट बंद होने का आखिरी दिन

नूंह हिंसा के चलते 4 जिलों- नूंह, पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम में हालात तनावपूर्ण हुए हैं। चारों जिलों में पैरामिलिट्री फोर्सेज की 20 कंपनियां तैनात की गई हैं। नूंह, पलवल और फरीदाबाद में पूरे जिले और गुरुग्राम में मानेसर, पटौदी व सोहना में इंटरनेट 5 अगस्त यानी आज रात 12 बजे तक बंद है। राज्य के 9 जिलों में धारा 144 लागू है।

रोहतक में देर रात धार्मिक स्थल पर पथराव

शुक्रवार देर रात को रोहतक में कलानौर के गांव आंवल में देर रात धर्म स्थल पर पथराव कर दिया गया। इस दौरान अंदर रहने वाले लोग बाहर नहीं निकले और पुलिस को बुलाया। यहां 10-11 युवकों ने आकर हुड़दंग मचाया और ईंटें फेंकीं। हालांकि, पुलिस तुरंत वहां पहुंची और सिक्योरिटी तैनात कर दी।

करनाल में रेहड़ियां पलटी

शुक्रवार को करनाल में तरावड़ी शहर की सौकड़ा पुलिया और सब्जी मंडी के सामने बाइक सवार बदमाशों ने फल-सब्जियों की रेहड़ियां पलटकर हुड़दंग किया। सभी आरोपी नकाबपोश थे और रेहड़ियां विशेष समुदाय के लोगों की थी। ये देख आसपास के दुकानदारों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। इस मामले में देर रात पुलिस ने तरावड़ी के कुछ लोगों पर FIR दर्ज कर ली।