आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी बुधवार (21 जून) को सेंसेक्स ने 260.61 अंकों की बढ़त के साथ 63,588.31 का आंकड़ा छू लिया। इससे पहले सेंसेक्स का ऑल टाइम हाई 63,583.07 था, जो दिसंबर 2022 में बना था। यानी सेंसेक्स ने ऊंचाई का छह महीने पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सेंसेक्स सुबह करीब 10.30 बजे 130 अंक से ज्यादा चढ़कर 63,464 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। इसके 16 शेयरों में तेजी और 14 में गिरावट है।

इधर, निफ्टी भी ऑल टाइम हाई के करीब है। ये अभी करीब 40 अंक चढ़कर 18,850 के ऊपर कारोबार कर रहा है। निफ्टी का ऑल टाइम हाई 18,887.60 है। निफ्टी पर ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में ट्रेड कर रहे हैं। बैंक, ऑटो से लेकर रियल्टी और मीडिया सेक्टर में तेजी है। हेल्थकेयर, फार्मा और मेटल में गिरावट दिख रही है।

15 साल में 10 हजार से 60,000 पर पहुंच बाजार

25 जुलाई 1990 को BSE सेंसेक्स ने पहली बार 1 हजार के स्तर को छुआ था। 1 हजार से 10 हजार तक आने में इसे तकरीबन 16 साल लगे (6 फरवरी 2006), लेकिन 10 हजार से 60 हजार तक के सफर को केवल 15 साल में पूरा कर लिया।

कल सेंसेक्स 159 अंक चढ़कर बंद हुआ था

सेंसेक्स कल यानी मंगलवार को 159 अंक बढ़कर 63,327 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 61 भी अंक की बढ़त रही, और ये 18,816 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में बढ़त और 12 में गिरावट देखने को मिली थी।

कल के कारोबार में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए थे। पावर और ऑटो इंडेक्स 1% की बढ़त लेकर बंद हुआ। वहीं मेटल और IT सेक्टर में 0.5% की तेजी रही।

रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 18 पैसे कमजोर होकर 82.12 रुपए पर बंद हुआ।

FII और DII डाटा

मंगलवार यानी 20 जून 2023 के कारोबार में फॉरेन इंस्‍टीट्यूशनल इन्‍वेस्‍टर्स (FIIs) नेट सेलर्स रहे, जबकि डोमेस्टिक इंस्‍टीट्यूशनल इन्‍वेस्‍टर्स (DIIs) नेट बायर्स रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रोविजनल डेटा के अनुसार FIIs ने 1,942.62 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। इस दौरान DIIs ने 1,972.51 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।